दिल्ली मेट्रो प्रमुख ने बढ़े किराये को जायज ठहराया
नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) के प्रमुख ई.श्रीधरन ने गुरुवार को कहा कि संगठन के खर्च में वृद्धि को देखते हुए मेट्रो रेल का किराया बढ़ाया गया है। 36 प्रतिशत बढ़ा हुआ किराया शुक्रवार से लागू होगा।
दिल्ली मेट्रो के नोएडा खंड के उद्घाटन के अवसर पर श्रीधरन ने संवाददाताओं को बताया, "मेट्रो रेल का किराया दो बातों पर विचार करने के बाद बढ़ाया गया। पहला, पिछली बार किराये में संशोधन करीब चार साल पहले दिसंबर 2005 में किया गया था और दूसरा कारण यह कि मेट्रो नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। अब आप 60 किलोमीटर तक की यात्रा मेट्रो से कर सकते हैं।"
उन्होंने कहा कि मेट्रो किराये में संशोधन का फैसला हमेशा एक समिति द्वारा लिया जाता है। जिसकी अध्यक्षता उच्च न्यायालय के वर्तमान अथवा अवकाश प्राप्त न्यायाधीश करते हैं। बढ़ा हुआ किराया यात्रियों की पहुंच तथा संगठन की सशक्त वित्तीय स्थिति बनाए रखने पर आधारित है।
लगभग 900,000 लाख यात्री प्रतिदिन मेट्रो से सफर करेंगे।
गौरतलब है कि डीएमआरसी ने न्यूनतम किराया छह से बढ़ाकर आठ रुपये कर दिया है जबकि अधिकतम किराया 22 रुपए से बढ़ाकर 30 रुपए तक कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications