भारत में हेडली के खिलाफ मामला दर्ज
गुरुवार को मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति की बैठक के बाद केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने संवाददाताओं से कहा, "हेडली कई बार भारत आया था। मुंबई में हुए 26/11 हमले के पहले और इसके बाद भी वह यहां आया था। हम उन शहरों की जांच कर रहे हैं जहां वह गया था और उसने किससे मुलाकात की थी।"
चिदंबरम ने कहा कि लश्कर-ए-तैयबा द्वारा हमले की विफल साजिश करने के मामले में अमेरिका में गिरफ्तार हेडली के साथ पाकिस्तानी मूल के कनाडियाई नागरिक तहव्वुर राणा को भी आरोपी बनाया गया है।
अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार हेडली ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि लश्कर राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय, दून स्कूल और वुडस्टॉक स्कूल पर हमले की योजना बना रहा था।
हेडली और राणा को गत महीने एफबीआई ने गिरफ्तार किया था। भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ और खुफिया ब्यूरो की एक टीम एक नवंबर को हेडली से पूछताछ करने के लिए वाशिंगटन गई थी हालांकि वह पूछताछ नहीं कर पाई।
दूसरी ओर चिदंबरम ने कहा कि हेडली से पूछताछ करना भारतीय जांच दल के एजेंडे में नहीं था। उन्होंने कहा कि भारतीय दल एफबीआई अधिकारियों से चर्चा करने के लिए वाशिंगटन गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications