चीन में उत्पादन और बिक्री बढ़ी

चीन से मिल रहे नए आर्थिक आकड़ों के अनुसार देश का औद्योगिक उत्पादन प्रति वर्ष उम्मीद से अधिक तेज़ गति से बढ़ रहा है.
इतना ही नहीं, खुदरा सामानों की बिक्री में भी विशेषज्ञों के अनुमान से अधिक तेज़ी देखी गई है और उपभोक्ता के लिए क़ीमतें कम भी हुई हैं.
चीन के नेशनल ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स का कहना है कि नए आकड़ों के तहत साफ़ है कि चीन इस साल आठ प्रतिशत की वृद्धि दर के अपने लक्ष्य को प्राप्त कर लेगा.
माना जा रहा है कि सरकार ने अर्थव्यवस्था के लिए जो पैकेज दिया था उसका अच्छा असर हुआ है.
आकड़ों के अनुसार कारखानों और वर्कशापों की गतिविधियों में पिछले साल की तुलना में 16.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है.
पिछले वर्ष मार्च के बाद विकास की यह सबसे उच्चतम दर है.
खुदरा बिक्री में सितंबर की तुलना में अक्तूबर में बढ़ोतरी हुई है.
अब चीन को घरेलू मांग बढ़ाने की ज़रुरत है क्योंकि उसके कारखानों में उत्पादन बढ़ रहा है लेकिन वित्तीय संकट से पहले जिस तरह चीनी उद्योग अमरीकी ग्राहकों पर निर्भर था वैसा बने रहने की संभावना बहुत कम है.
आकड़ों के अनुसार निर्यात में गिरावट हुई है लेकिन पिछले दस महीनों में यह गिरावट की सबसे कम दर है.


Click it and Unblock the Notifications