मप्र के मेडिकल कॉलेजों पर रहेगी कैमरे की नजर
भोपाल, 11 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में भोपाल से ग्वालियर, इंदौर, रीवा, जबलपुर और सागर भले ही सैकड़ों किलोमीटर दूर हों, लेकिन यहां के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों की हर एक गतिविधि पर राज्य की राजधानी से ही नजर रखी जा सकेगी। यह क्लोज सर्किट कैमरों (सीसीटीवी) के जरिए संभव हो सकेगा।
प्रदेश में भोपाल सहित इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और सागर में चिकित्सा महाविद्यालय है। इन महाविद्यालयों से संबद्घ अस्पतालों में व्याप्त अव्यवस्थाएं किसी से छुपी नहीं हैं। इन पर नियंत्रण पाने के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग सभी अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रहा है। इन कैमरों को भोपाल में संचालक चिकित्सा शिक्षा के कक्ष से ऑनलाइन जोड़ा जाएगा।
सभी मेडिकल कॉलेजों की स्वशासी समितियों के साथ दो दिन तक चली बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री अनूप मिश्रा ने कहा कि इस व्यवस्था के जरिए चिकित्सकों की उपस्थिति, मरीजों के इलाज की मानिटरिंग राजधानी में बैठकर की जा सकेगी।
राज्य के सभी छह चिकित्सा महाविद्यालयों में ई-लायब्रेरी स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया है। मिश्रा ने कहा कि इन्हें कोलकाता की नेशनल लाइब्रेरी से जोड़ा जाएगा। ऐसा होने पर छात्र और चिकित्सक संबंधित उत्कृष्ट पुस्तकें और पत्रिकाएं देख सकेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications