जेल में मनु शर्मा ने साधी चुप्पी
तिहाड़ जेल के एक अधिकारी के अनुसार मंगलवार को सुबह लगभग 11.30 बजे तिहाड़ में लौटने के बाद से ही मनु शर्मा को जेल के उच्च सुरक्षा वाले वार्ड क्रमांक दो में रखा गया है। अधिकारी के अनुसार मनु शर्मा के चेहरे पर उदासी थी और मंगलवार को पूरे दिन उसने किसी से बात नहीं की। मंगलवार रात को वह खाना भी ठीक से नहीं खा पाया।
बुधवार सुबह उठते ही वह काफी देर तक अखबार पढ़ता रहा। जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार ऐसा लगता है कि मनु शर्मा पैरोल की अवधि के दौरान हुए घटनाक्रम से खिन्न है। जेल में वापसी के बाद से बुधवार शाम तक उनसे मिलने कोई नहीं आया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1999 में मॉडल जेसिका लाल की हत्या कर दी गई थी जिसमें मनु शर्मा मुख्य अभियुक्त है।
इस मामले में निचली अदालत ने फरवरी 2006 में मनु शर्मा को बरी कर दिया था। इसके बाद उच्च न्यायालय ने प्रतिदिन आधार पर सुनवाई करते हुए 25 दिन में फैसला सुना दिया। उच्च न्यायालय ने दिसंबर 2006 में निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए शर्मा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
मनु शर्मा 22 सितंबर को पैरोल पर तिहाड़ से बाहर निकला था। शर्मा को पहले एक माह की पैरोल दी गई थी जिसे बाद में एक महीने के लिए बढ़ाया गया था। उसकी पैरोल अवधि 22 नवंबर तक थी जिससे 12 दिन पहले उसने तिहाड़ में आत्मसमर्पण कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications