बलात्कार मामले में मधुर भंडारकर के खिलाफ होगी सुनवाई (संशोधित समाचार)
मुंबई, 11 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई की एक निचली अदालत ने बुधवार को कहा कि मॉडलिंग की दुनिया से फिल्मों में किस्मत आजमाने आईं प्रीति जैन द्वारा फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर पर लगाए गए बलात्कार के आरोप से जुड़े मामले की सुनवाई शुरू की जाएगी।
प्रीति की वकील सुशन कुंजुरामन ने आईएएनएस से कहा, "अदालत ने बुधवार को कहा कि प्रीति द्वारा दर्ज प्राथमिकी को सही पाया गया है, लिहाजा इस मामले को लेकर सुनवाई शुरू की जाएगी।"
प्रीति ने 2004 में भंडारकर पर बलात्कार का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। प्रीति ने कहा था कि भंडारकर ने '1999 से 2004 के बीच उनके साथ 16 बार शारीरिक संबंध बनाया था।'
भंडारकर के खिलाफ मामला दर्ज कराने के बाद प्रीति ने कहा था, "भंडारकर ने मुझे फिल्मों में काम देने का वादा किया था लेकिन उन्होंने मुझे अपनी किसी फिल्म में प्रमुख भूमिका नहीं दी। मैंने जब उनकी इच्छा पूरी करने से इंकार किया, तब उन्होंने मेरे साथ बलात्कार किया।"
प्रीति ने कहा था कि 'चांदनी बार', 'सत्ता' और 'आन', जैसी फिल्मों में भूमिका नहीं पाने के बाद जब उन्होंने भंडारकर से इसकी शिकायत की, तब उन्होंने उन्हें 'पेज-3' में एक बार फिर प्रमुख भूमिका देने का वादा किया था लेकिन उनका वादा धरा का धरा रह गया।
प्रीति के मुताबिक भंडारकर ने उनसे शादी करने का भी झांसा दिया था। प्रीति ने कहा था कि भंडारकर ने उन्हें बड़ा स्टार बनाने के सपने दिखाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications