आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री मुंबई पहुंचे (लीड-1)
रुड मुंबई में शीर्ष व्यापारिक नेताओं के साथ मुलाकात करने के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे। रुड गुरुवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ वैश्विक वित्तीय संकट, जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद, व्यापार और निवेश सहित व्यापक द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
दोनों नेता मुक्त व्यापार क्षेत्र और समुद्री सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा करेंगे।
बातचीत के दौरान भारतीय छात्रों पर हमला खासतौर से उठाया जाएगा। उम्मीद है कि रुड भारतीय चिंताओं को इंडियन काउंसिल फॉर वर्ल्ड अफेयर्स में भारत-आस्ट्रेलिया संबंधों पर आयोजित एक भाषण में दूर करने की कोशिश करेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने यहां संवाददाताओं को बताया, "आस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के छात्रों की सुरक्षा को भारत सर्वोच्च महत्व देता है। यह चिंता का विषय है।"
विष्णु प्रकाश ने कहा, "हमने अपनी चिंताओं को सर्वोच्च स्तर पर जता दिया है। लेकिन दुर्भाग्यवश पिछले सप्ताह फिर से हमले हुए हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि भारतीय छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।"
विष्णु प्रकाश ने कहा कि इस वर्ष मई महीने से लेकर आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर 30 से अधिक हमले हुए हैं। उन्होंने कहा, "आस्ट्रेलिया ने हमें भरोसा दिलाया है कि वे इस तरह की घटनाओं को कतई बर्दाश्त न करने की नीति अपनाएंगे।"
लेकिन रविवार को मेलबर्न में 22 वर्षीय भारतीय छात्र पर हुए हमले ने सुरक्षा के दावों को खोखला साबित कर दिया है। इसके बाद आस्ट्रेलियाई नेतृत्व बचाव की स्थिति में आ गया है और वह सफाई देने में जुट गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications