मेट्रो किराये में वृद्धि से यात्री नाखुश
दिल्ली मेट्रो ने पांच साल के अंतराल के बाद यात्री किराये में 36 फीसदी की वृद्धि की है। बढ़ा हुआ किराया शुक्रवार से लागू होगा। दिल्ली मेट्रो की घोषणा से एक सप्ताह पहले दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने बस किराए में वृद्धि की घोषणा की थी। औसतन 850,000 से अधिक यात्री प्रतिदिन मेट्रो से यात्रा कर रहे हैं।
मेट्रो में प्रतिदिन सफर करने वाले अरिंदम मोहंती ने कहा कि किराए में की गई वृद्धि की वजह से यात्रा पर 400 रुपए अतिरिक्त खर्च होंगे।
मोहंती ने आईएएनएस को बताया," मेट्रो में कभी कभार यात्रा करने वालों को यह वृद्धि खास नहीं लग सकती है। लेकिन मेरी तरह वे लोग जो प्रतिदिन मेट्रो का सफर करते हैं उनको अब मेट्रो से यात्रा करने के लिए 400 रुपए अधिक खर्च करना होगा।"
उल्लेखनीय है कि दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने बुधवार को मेट्रो किराये में बढोतरी की घोषणा की। इसके तहत न्यूनतम किराया छह रुपए से बढ़ाकर आठ रुपए कर दिया गया है जबकि अधिकतम किराया 22 रुपए से बढाकर 30 रुपए कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications