महाराष्ट्र में अगले 5 सालों में 250,000 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य
राज्य विधानमंडल के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सरकार औरंगाबाद, नासिक और नागपुर जैसे शहरों में सूचना प्रौद्योगिकी और इससे जुड़ी सेवाओं को बढ़ावा देगी।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त सरकार मुंबई को वैश्विक शहर के रूप में विकसित करेगी। इसके लिए परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा और मेट्रो रेल और मोनो रेल जैसी परियोजनाएं लाई जाएंगी।
जमीर ने कहा कि नवी मुंबई में बन रहे नए अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे का काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इसी तरह से राजीव गांधी सी लिंक को हाजी अली, फिर नरीमन प्वाइंट और अंधेरी तक बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार पुणे में एक नया अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा बनाने की योजना बना रही है। इसके अलावा शोलापुर, शिरडी और सिंधुदुर्ग के हवाईअड्डों को विकसित किया जाएगा जबकि अमरावती और जलगांव के हवाईअड्डों का उन्नयन किया जाएगा। नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली में एक हवाई पट्टी भी बनाई जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications