लालगढ़ में कार्रवाई जारी रहेगी : प्रणब
पश्चिमी मिदनापुर जिले के लालगढ़ इलाके से नक्सलियों को बाहर निकालने की कार्रवाई को केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पहल बताते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा, "स्थिति के पूरी तरह नियंत्रण में आने तक कार्रवाई जारी रहेगी।"
तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी बार-बार कहती रही हैं केंद्र सरकार को इस संयुक्त कार्रवाई को बंद कर देना चाहिए। उनका कहना है कि राज्य में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) इस कार्रवाई के जरिए अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन हासिल करना चाहती है और सशस्त्र पार्टी कार्यकर्ताओं के जरिए विपक्ष को आतंकित करना चाहती है।
यद्यपि मुखर्जी ने बनर्जी की मांग खारिज कर दी है लेकिन उन्होंने शनिवार को प्रदेश में हुए उपचुनाव में कांग्रस-तृणमूल गठबंधन को 10 में से आठ सीटें मिलने पर बनर्जी की प्रशंसा की है।
पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष मुखर्जी ने कहा, "उपचुनावों में तृणमूल कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है। उसे सभी सात सीटों पर जीत मिली है। लोग दोबारा तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी में विश्वास प्रदर्शित कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications