मेट्रो का किराया 36 फीसदी बढ़ा (लीड-1)
नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) द्वारा यात्री किराये में वृद्धि किए जाने के करीब एक सप्ताह बाद दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने भी बुधवार को अपने किराये में 36 फीसदी वृद्धि की घोंषणा कर दी।
यह वृद्धि पांच वर्ष बाद की गई है। बढ़े हुए किराये शुक्रवार से लागू होंगे।
दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) ने घोषणा की कि मैट्रो का (0-2 किलोमीटर) न्यूनतम किराया छह रुपये से बढ़ाकर आठ रुपये कर दिया गया है। जबकि अधिकतम किराया (39 किलोमीटर से ज्यादा) 22 रुपये से बढ़ाकर 30 रुपये कर दिया गया है। शेष सभी स्तरों में भी इसी तर्ज पर वृद्धि लागू होगी।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के निदेशक (वित्त) आर.एन.जोशी ने यहां संवाददाताओं को बताया, " तीसरी किराया निर्धारण समिति की सलाह पर बढ़ा हुआ किराया 13 नवंबर से लागू होगा। न्यूनतम किराए को छह रुपए से बढाकर आठ रुपए कर दिया गया है जबकि अधिकतम किराया 22 रुपए से बढाकर 30 रुपए कर दिया गया है।"
वित्त निदेशक आर.एन.जोशी के मुताबिक किराये में संशोधन की आवश्यकता नेटवर्क में 65 किलोमीटर से 165 किलोमीटर के विस्तार, कल-पुर्जो की कीमत में वृद्धि तथा उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में वृद्धि के कारण पड़ी।
जोशी ने कहा कि हमें नहीं लगता कि कराया बढ़ने से यात्रियों की संख्या घटेगी। उपलब्ध कराई जा रही सेवा की गुणवत्ता और आराम को देखते हुए संशोधित किराया यात्रियों को बोझ नहीं होगा।
जोशी ने कहा, "आने वाले वर्षो में डीएमआरसी को भारी ऋण चुकाना है। दूसरे खण्ड की शुरूआत के बाद उसे प्रतिवर्ष ब्याज और ऋण के भुगतान पर 500 करोड़ रुपये से 600 करोड़ रुपये चुकाने होंगे।"
इस बीच मेट्रो ने 400 नए डिब्बों और 130 नई ट्रेनों का आर्डर दिया है। दिल्ली मेट्रो से रोजाना औसतन 850,000 यात्री सफर करते हैं। इससे पहले वर्ष 2003-04 में मेट्रो का किराया बढाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications