थाना प्रभारी के स्थानांतरण से नाराज लोगों ने किया प्रदर्शन
पटना, 11 नवंबर (आईएएनएस)। पटना जिले के बख्तियारपुर थाने के प्रभारी के स्थानांतरण की खबर सुनते ही बुधवार को लोगों ने सड़क और रेल मार्ग जाम कर दिया तथा सड़कों पर जमकर प्रदर्शन किया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को देर रात बख्तियारपुर थाने के प्रभारी सोम प्रकाश सिंह का स्थानांतरण अन्यत्र कर दिया गया था। बुधवार की सुबह जैसे ही इसकी सूचना लोगों को मिली वैसे ही लोग सड़क पर उतर आए।
पुलिस ने बताया कि इस फैसले से नाराज लोगों ने करीब पांच घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-30 और 31 को जाम रखा। इस दौरान लोगों ने सड़कों पर आगजनी भी की। इससे इस मार्ग पर जामस्थल के दोनों ओर सैकड़ों वाहन खड़े हो गए।
नाराज लोगों ने बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर रेल मार्ग भी ठप कर दिया। इससे बख्तियारपुर स्टेशन पर ही टाटा-पटना एक्सप्रेस और राजगीर-दानापुरपैसेंजर करीब तीन घंटे तक खड़ी रही। इस दौरान लोगों ने टाटा-पटना एक्सप्रेस के इंजन को भी बोगी से अलग कर दिया और जमकर नारेबाजी की। हालांकि इस प्रदर्शन में किसी प्रकार की तोड़-फोड़ की सूचना नहीं है।
इधर, बाढ़ के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दलजीत सिंह ने बताया कि नाराज लोगों को समझा-बुझाकर जाम स्थल से हटा दिया गया है तथा सड़क और रेल मार्ग पर आवागमन प्रारंभ कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications