भारत, चीन दोनों को समान महत्व देता है अमेरिका
वाशिंगटन, 11 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और चीन को 'क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण ताकतें' और उभरती हुई विश्व शक्तियां बताते हुए अमेरिका ने कहा है कि वह दोनों देशों को क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर समान महत्व देता है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता फिलीप जे.क्राउली ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, "निश्चय ही यदि आप एशिया प्रशांत क्षेत्र को देखें तो क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण शक्तियां हैं। एक तरफ भारत तो दूसरी ओर चीन।"
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति बराक ओबामा और विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन "क्षेत्र में गंभीर चर्चाओं में शामिल होंगे।"
ओबामा के नौ दिवसीय एशिया दौरे के दौरान भारत और चीन के बीच तनाव के उभरने के बारे में पूछे जाने पर प्रवक्ता ने कहा कि ओबामा और क्लिंटन "चीनी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।"
ओबामा का नौ दिवसीय एशिया दौरा गुरुवार से आरंभ हो रहा है। इस दौरान वह जापान, सिंगापुर, चीन और दक्षिण कोरिया जाएंगे।
इस महीने के अंत में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अमेरिका के आधिकारिक दौरे के कार्यक्रम का हवाला देते हुए क्राउली ने कहा, "महीने के अंत में ओबामा भारत के प्रधानमंत्री का एक आधिकारिक दौरे पर स्वागत करने के इच्छुक हैं।"
उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि अमेरिका दोनों देशों को न केवल क्षेत्रीय वरन वैश्विक मुद्दों पर भी महत्व देता है।
क्राउली ने कहा, "हम सोचते हैं कि वे उभरती हुई विश्व शक्तियां हैं और इसलिए दोनों से मजबूत संबंध बनाने के लिए हम अधिक ऊर्जा और ध्यान लगा रहे हैं।"
एक अन्य प्रश्न के जवाब में क्राउली ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए विशेष अमेरिकी दूत रिचर्ड हॉलब्रुक के कार्यालय के अधिकारियों के एक दल के पाकिस्तान और अफगानिस्तान पर चर्चा के लिए बीजिंग जाने की पुष्टि की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications