अमेरिका में प्रशिक्षण ले रहे हैं भारतीय प्रशासनिक अधिकारी
वाशिंगटन, 11 नवंबर (आईएएनएस)। व्यापक अंतर्राष्ट्रीय परिदृश्य में सार्वजनिक नीतियों से जुड़े मुद्दों को अमेरिका में हल करने के तरीके सीखने के लिए भारतीय प्रशासनिक अधिकारियों का 18 सदस्यीय दल यहां एक संस्थान में प्रशिक्षण हासिल कर रहा है।
सायरेकस विश्वविद्यालय के मैक्सवेल स्कूल ऑफ सिटीजनशिप एंड पब्लिक अफेयर्स का सात सप्ताह का कार्यक्रम "इश्यूज इन पब्लिक पॉलिसी : एन इंटरनेशनल पर्सपेक्टिव" पब्लिक मैनेजमेंट के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम (पीजीपीपीएम) का हिस्सा है।
भारत में अपनी तरह का यह पहला कार्यक्रम है और इसका निर्माण प्रशासनिक सेवा के करियर के मध्य में पहुंच चुके अधिकारियों को सार्वजनिक व्यवस्था के रणनीतिक प्रबंधन और सार्वजनिक नीतियों के निर्माण की अवधारणा, कौशल और तकनीक से लैस करना है।
भारत सरकार, भारतीय प्रबंधन संस्थान बेंगलुरू (आईआईएमबी) और मैक्सवेल स्कूल की वर्ष 2002 से जारी इस संयुक्त पहल को समर्थन दे रही है।
मैक्सवेल स्कूल ने एक समाचार विज्ञप्ति में कहा कि प्रशिक्षण हासिल करने वाले समूह में भारतीय प्रशासन के शीर्ष अधिकारी शामिल होते हैं और देश के प्रशासन में परिवर्तन को प्रभावित करने के रूप में इसका बहुत अधिक सामाजिक मूल्य है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications