पाकिस्तान का अलकायदा के लिए पनाहगार बनना खतरनाक : हिलेरी
वाशिंगटन, 11 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन का कहना है कि पाकिस्तान में अलकायदा ने 'सुरक्षित पनाहगार' बना रखी है जो बेहद खतरनाक है।
जर्मनी के समाचार पत्र 'जर्मन डेर स्पेगल' को दिए साक्षात्कार में हिलेरी ने कहा, "हम अफगानिस्तान में मौजूद हैं क्योंकि आतंकवादियों को वापसी करने के लिए सुरक्षित पनाहगार और स्थिर मंच पाने की इजाजत नहीं दी जा सकती।"
अमेरिकी विदेश विभाग ने मंगलवार को हिलेरी के इस साक्षात्कार के कुछ अंश जारी किए।
उन्होंने कहा, "हमारा मानना है कि अलकायदा और अन्य आतंकवादी सगठन एक ही नेटवर्क के हिस्सा हैं। अलकायदा आज भी आतंकवादी वारदातों के लिए उकसाने, वित्तीय मदद करने, प्रशिक्षण देने, उपकरण मुहैया कराने और दिशा-निर्देश देने का काम कर रहा है।"
हिलेरी ने कहा, "हमने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो न्यूयार्क के सबवे सिस्टम को निशाना बनाने की साजिश रच रहा था। वह पाकिस्तान में अलकायदा के शिविर में प्रशिक्षण ले चुका है।"
पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की सुरक्षा के बारे में अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, "मेरा मानना है कि पाकिस्तान के परमाणु हथियार सुरक्षित हैं। पाकिस्तानी सरकार और सेना ने इनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं।"
हिलेरी ने कहा, "अलकायदा के लिए पाकिस्तान में सुरक्षित शरणस्थली बनना बहुत परेशान करने वाली बात है। पाकिस्तानी तालिबानी तत्वों के साथ अलकायदा सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है जो पाकिस्तान के लिए खतरा पैदा करने वाली बात है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications