छत्तीसगढ़ उपचुनाव की हार की समीक्षा में जुटी भाजपा
रायपुर, 11 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छत्तीसगढ़ की वैशालीनगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मिली हार की समीक्षा में जुट गई है।
कांग्रेस के उम्मीदवार भजन सिंह निरंकारी ने दुर्ग जिले की इस सीट पर सत्ताधारी भाजपा के जागेश्वर साहू को 1228 मतों से पराजित किया। पूर्व में यह सीट भाजपा की थी। भाजपा नेता सरोज पांडेय के इस्तीफे से यह सीट खाली हुई थी। दुर्ग से लोकसभा का चुनाव जीतने के बाद उन्होंने वैशालीनगर विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था।
मंगलवार को चुनावी नतीजे आने के बाद से ही भाजपा नेता हार की समीक्षा में जुट गए हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि भीतरघात और अतिआत्मविश्वास के चलते हमने यह सीट गवां दी।
इस नेता ने कहा, "भाजपा की हार के मैं दो कारण गिनाऊंगा। पहला कि कुछ अपने ही नेताओं ने भीतरघात किया और दूसरा कि मुख्यमंत्री रमन सिंह सहित राज्य के सभी बड़े नेता अतिआत्मविश्वास में रहे।"
उन्होंने कहा, "रमन सिंह तो जीत के प्रति इतने विश्वस्त थे कि चुनाव के दौरान ही वह दक्षिण अफ्रीका और मॉरिशस के दौरे पर निकल पड़े।"
हार पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रमन सिंह ने पत्रकारों से कहा, "कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लंबे समय के बाद खुशियां मनाने और पटाखे छोड़ने का मौका मिला है।"
यह पूछे जाने पर कि क्या भीतरघात के कारण पार्टी को हार का सामना करना पड़ा तो इसके जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले को देखेगी।
इंडो-एशियन नयूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications