पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत को युद्धग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग
इस्लामाबाद, 11 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत की सरकार और वहां के व्यापारिक समुदाय ने संघीय सरकार से मांग की है कि सूबे को युद्धग्रस्त क्षेत्र घोषित किया जाए और आतंकवादी हमलों में मारे जाने वालों के निकट संबंधियों को मुआवजा दिया जाए।
यह मांग पेशावर में मंगलवार को 200 व्यापारियों के समूह और पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के मुख्यमंत्री अमीर हैदर होती के बीच बैठक के दौरान की गई। व्यापारिक समूह के प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई सरहद चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआई) ने की।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि सूबे की सरकार ने संघीय सरकार से व्यापारिक समुदाय के लिए राहत पैकेज की घोषणा करने और सूबे को युद्धग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग की।
पाकिस्तान में लगातार आतंकवादी हमले हो रहे हैं, जिनमें से बहुत से पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत में हो रहे हैं। यहां सबसे भीषण आतंकवादी हमला गत 28 अक्टूबर को पेशावर के एक बाजार में हुआ था, जिसमें 110 लोग मारे गए थे।
सुरक्षा बल दक्षिण वजीरिस्तान के पहाड़ी क्षेत्र में तालिबानी आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखे हुए हैं। तालिबानियों ने जवाबी हमले तेज करने का संकल्प लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications