'फयान' से निपटने के लिए मुंबई और पश्चिमी तट पर तैयारी (लीड-2)
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इसके बारे में 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। यह 'रेड अलर्ट' जारी करने से पहले का कदम है।
आईएमडी ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि तूफान बुधवार सुबह 5.30 बजे गोवा तट से 250 किलोमीटर दूर पश्चिम में था। उस समय फयान मुंबई से 420 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम और गुजरात के सूरत से 670 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में था।
आईएमडी की वेबसाइट के अनुसार, "तूफान और जोर पकड़ सकता है तथा उत्तर और पूर्वोत्तर की ओर बढ़ते हुए बुधवार शाम अथवा रात में दक्षिण गुजरात और अलीबाग एवं वलसाड के बीच से उत्तर महाराष्ट्र तट को पार कर सकता है।"
केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, गुजरात और लक्षद्वीप दीपसमूह के मछुआरों को समुद्र में न जाने की हिदायत दी गई है। स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक 'बांबे हाई' के तेल कुओं की सुरक्षा मजबूत कर दी गई है।
मुंबई और महाराष्ट्र के आपदा प्रबंध विभागों ने चेतावनी जारी की है कि मूसलाधार बारिश की आशंका है जिससे मुंबई और निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है। उत्तरी महाराष्ट्र के फैक्टरियों को हिदायत दी गई है कि वे विशेष सावधानी बरतें।
आईएमडी का अनुमान है कि फयान बुधवार दिन में 11.30 बजे के आसपास 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ेगा। एक मौसम वैज्ञानिक ने बुधवार को कहा कि फयान की वजह से कई जगह पर सामान्य बारिश तो कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश के आसार हैं।
मुंबई और आसपास के इलाकों में सोमवार से ही बिना रुके बारिश हो रही है जिससे यहां के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शहर के कई तटीय इलाकों जैसे वर्ली, बांद्रा, जुहू, वरसोवा और मलाड में पंपों को तैयार रखा गया है।
आईएमडी की ओर से कहा गया है, "चक्रवात की वजह से कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र के तटों पर अगले 36 घंटों के दौरान 55 से 70 किलोमीट प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इन तीनों राज्यों के तटों पर समुद्री हालात बहुत विषम होंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications