स्वाइन फ्लू: मृतकों की संख्या 500 के पार

राजस्थान में एक मौत सोमवार को हुई है, बाकी 14 मौतें पहले ही हो चुकी थीं, लेकिन उनकी पुष्टि सोमवार को हुई है। इन 15 मौतों के साथ ही राजस्थान में इस बीमारी के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ कर 17 हो गई है।
रजस्थान में अबतक 101 मामलों की पुष्टि
इसके अलावा राज्य में अब तक 101 लोगों में फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई है। एक अधिकारी ने यहां कहा, "राजस्थान के स्वास्थ्य अधिकारियों ने राज्य के विभिन्न जिलों में स्वाइन फ्लू के कारण हुई 14 मौतों की पुष्टि की है।"
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी ने कहा कि इनमें से छह मौतें जयपुर में हुई हैं, पांच मौतें जोधपुर में और तीन कोटा में। ये मौतें सात अक्टूबर से सात नवंबर के बीच हुई हैं। केरल और उड़ीसा में सोमवार को स्वाइन फ्लू के कारण एक-एक मौत हुई है। केरल में अब तक इस बीमारी से 21 लोग मर चुके हैं। उड़ीसा में सोमवार को फ्लू के कारण पहली मौत हुई है।
सोमवार को 95 नए मामले
देश में सोमवार को फ्लू के 95 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में फ्लू पीड़ितों की संख्या बढ़ कर 14,572 हो गई है। दिल्ली में सोमवार को फ्लू के 19 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही दिल्ली में इस बीमारी से पीड़ित लोगों की संख्या बढ़ कर 3,623 हो गई है। अब तक यहां 16 लोगों की मौत हो चुकी है।
फ्लू पीड़ितों के मामले में महाराष्ट्र अभी भी पहले पायदान पर बना हुआ है। सोमवार को राज्य में 11 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही पीड़ितों की संख्या बढ़ कर 3,727 हो गई है। अब तक राज्य में इस बीमारी से 207 लोग मौत के मुंह में समा चुके हैं। इसके अलावा तमिलनाडु में 16, कर्नाटक में तीन, हरियाणा में चार और आंध्र प्रदेश में फ्लू का एक मामला सोमवार को सामने आया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications