मुलायम के गढ़ में राज बब्बर जीते

ज्ञात हो कि फिरोजाबाद सीट पर उपचुनाव सपा के लिए मूंछ की लड़ाई बन गई थी। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की फिरोजाबाद संसदीय सीट पर हुए उपचुनाव की प्रतिष्ठापूर्ण लड़ाई जीत ली है। मुलायम के बेटे अखिलेश के इस्तीफे से यह सीट खाली हुई थी। वह पिछले लोकसभा चुनाव में फिरोजाबाद के साथ-साथ कन्नौज से भी चुने गए थे। बाद में उन्होंने फिरोजाबाद सीट खाली कर दी थी।
बसपा का वर्चस्व बरकरार
उत्तर प्रदेश में लोकसभा की एक और विधानसभा की 11 सीटों पर हुए उपचुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सात सीटों पर विजय प्राप्त की। वहीं एक सीट कांग्रेस को मिली। बाकी की तीन सीटों के परिणाम फिलहाल घोषित नहीं हुए हैं। वहां मतगणना जारी है।
इन उपचुनावों में वामपंथी दलों, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) को करारा झटका लगा है। प्रदेश में हुए इन उपचुनावों में सपा के साथ-साथ भाजपा को भी जबरदस्त झटका लगा है। भाजपा ने लखनऊ पश्चिम की अपनी परम्परागत सीट गवां दी है। कांग्रेस के प्रत्याशी श्याम किशोर शुक्ला ने यहां भाजपा के प्रत्याशी अमित पुरी को हराया।
पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चा को झटका
पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 10 सीटों पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ वाम मोर्चे को तगड़ा झटका लगा है। यहां तृणमूल कांग्रेस-कांग्रेस गठबंधन आठ सीटों पर विजयी रहा है जबकि एक सीट फारवर्ड ब्लॉक के खाते में और एक निर्दलीय के खाते में गई है। गोलपोखर से फारवर्ड ब्लॉक के अली इमरान रामोज ने जीत दर्ज की।
राजस्थान में बराबरी
राजस्थान में विधानसभा की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस और मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की। टोडाभीम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रमेश चंद ने कांग्रेस उम्मीदवार शिवदयाल मीणा को 8,200 मतों से पराजित कर दिया। दूसरी ओर सालुंबर सीट से कांग्रेस की बसंती मीणा ने भाजपा के अमृत लाल को 3,000 से ज्यादा मतों के अंतर से पराजित किया।
केरल में तीनों सीटें कांग्रेस की
केरल विधानसभा की तीनों सीटें कांग्रेस ने जीत ली हैं। इन तीनों सीटों पर गत शनिवार को उपचुनाव हुआ था। कन्नूर से कांग्रेस के उम्मीदवार ए.पी.अब्दुल्ला कुट्टी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एम.वी.जयराजन को 12,000 से ज्यादा मतों के अंतर से पराजित किया। कुट्टी पहले माकपा में थे।
छत्तीसगढ़ में भजपा की हार
छत्तीसगढ़ की वैशाली नगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा को पराजय का मुंह देखना पड़ा है। यह सीट कांग्रेस की झोली में गईं। कांग्रेस के भजन सिंह निरंकारी ने भाजपा के उम्मीदवार जागेश्वर साहू को करीब 1600 मतों से हरा दिया।
हिमाचल प्रदेश में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस को एक-एक सीट हासिल हुई है। असम विधानसभा की दोनों सीटों पर सत्तारूढ़ कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी रहे हैं। ये सीटें पहले असम गण परिषद (अगप)और असम यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एयूडीएफ) के पास थीं। दक्षिण सलमारा सीट पर वाजेद अली चौधरी विजयी रहे हैं। सोनितपुर जिले की धेकियाजुली सीट पर कांग्रेस के भीमानंद तंती ने अगप के शिब चरण साहू को हराया।












Click it and Unblock the Notifications