गोवा में बेन किंग्सले को मिलेगी विशेष सुरक्षा
पणजी, 10 नवंबर (आईएएनएस)। हालॉवुड के जाने-माने अभिनेता बेन किंग्सले के गोवा पहुंचने के साथ ही उनकी सुरक्षा में एक विशेष पुलिस अनुरक्षक वाहन, एक निजी सुरक्षा गार्ड और एक त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) सक्रिय हो जाएंगे। किंग्सले इस महीने के आखिर में गोवा में आयोजित होने वाले 40वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में बतौर सम्मानित अतिथि शामिल होंगे।
पुलिस अधीक्षक टोनी फर्नाडीज ने आईएएनएस को बताया कि किंग्सले उन अभिनेताओं मे से हैं जिनका आईएफएफआई उद्घाटन समारोह में शामिल होना सुनिश्चित हो चुका है।
फर्नाडीज ने कहा, "हमें अब तक आईएफएफआई में शामिल होने वाले फिल्मी कलाकारों के नामों की सूची नहीं मिली है। किंग्सले पहले व्यक्ति हैं, जिनका आना सुनिश्चित किया गया है।"
अधिकारी का कहना है कि इतने भव्य समारोह की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार से अर्धसैनिक बलों की चार कंपनियां देने की मांगी गई है।
समुद्र के रास्ते आए आतंकवादियों द्वारा पिछले साल नवंबर में मुंबई हमलों को अंजाम दिए जाने के बाद आईएफएफआई की सुरक्षा एक गंभीर मसला है। समारोह स्थल कला अकादमी और आईएनओएक्स परिसर मनदोवी नदी के किनारे हैं, जो अरब सागर में बहती है। जिसकी वजह से पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों को समुद्री सुरक्षा भी मजबूत करना पड़ी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications