इडा की वजह से अमेरिका के 3 राज्यों में आपात स्थिति घोषित
वाशिंगटन, 10 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका की खाड़ी में समुद्री तूफान इडा के खतरनाक रूप अख्तियार करने के बाद लुइजियाना के गवर्नर बॉबी जिंदल की ही तरह फ्लोरिडा और अलाबामा के गवर्नरों ने भी अपने राज्यों में आपात स्थिति की घोषणा कर दी है।
इडा के अलाबामा राज्य के समीप पहुंचने पर भारी वर्षा की भविष्यवाणी की गई है।
यद्यपि लुइजियाना पर इडा के सीधे प्रभाव की चेतावनी नहीं दी गई है लेकिन जिंदल ने कहा कि राज्य के निवासियों खासकर निचले इलाके के लोगों को बाढ़ के खतरे से सचेत रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी बाहर निकलने के रास्तों की निगरानी कर रहे हैं। जिससे आवश्यकता होने पर उनका उपयोग किया जा सके।
न्यू आर्लियंस शहर सहित लुइजियाना से फ्लोरिडा तक समुद्री तूफान की चेतावनी जारी हो चुकी है। जिंदल ने कहा कि अधिकारियों को न्यू आर्लियंस में अधिक वर्षा की उम्मीद नहीं है। तटीय क्षेत्रों के कुछ स्कूलों को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है।
जिंदल ने अन्य तटीय राज्यों को भी तूफान से निपटने में सहायता देने का प्रस्ताव किया।
आपात स्थिति की घोषणा करते हुए अलाबामा के गवर्नर बॉब रिली ने कहा कि ताजा जानकारी के अनुसार अलाबामा सीधे इडा के रास्ते में है।
मिसिसिपी के गवर्नर हेली बारबर ने कहा कि तूफान के कमजोर पड़ने के बावजूद वह निचले इलाके के लोगों से सजग रहने का आग्रह करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications