पटना में जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर

जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के महासचिव डॉ़ धनंजय ने मंगलवार को बताया कि सरकार ने पूर्व में दिए गए आश्वासन को अब तक पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों में जूनियर डॉक्टरों को वेतन के रूप में प्रतिमाह 25,000 से 30,000 रुपये मिलते हैं परंतु उन्हें सिर्फ 13,000 रुपये प्रतिमाह दिया जाता है।
हड़ताल के अलावा कोई रासता नहीं
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा दी गई समय सीमा गुजर जाने के बाद उनके पास हड़ताल पर जाने के अलावा अब कोई रास्ता नहीं बचा था। उन्होंने बताया कि जूनियर डॉक्टर हड़ताल के दौरान आपातकालीन, बाह्य एवं आंतरिक चिकित्सा सेवाएं ठप रखेंगे।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ़ ओ़ पी़ चौधरी ने बताया कि हड़ताल से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से अतिरिक्त चिकित्सकों की मांग की गई है।
उल्लेखनीय है कि इसी मांग को लेकर जूनियर डॉक्टरों ने गत 26 अगस्त से 30 अगस्त तक हड़ताल की थी और काम पर नहीं आए थे। उस वक्त राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नंदकिशोर यादव ने आश्वासन दिया था कि वेतन की राशि 13,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दी जाएगी और इसका भुगतान 15 अक्टूबर तक कर दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications