मध्य प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री बाल-बाल बचे (लीड-1)
मालूम हो कि पायलट की सूझबूझ से विमान हादसे का शिकार होते-होते बच गया था। वायु सेना के कार्यक्रम में हिस्सा लेने ग्वालियर आई राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल की अगवानी करने मध्य प्रदेश के राज्यपाल ठाकुर और मुख्यमंत्री चौहान मंगलवार की सुबह विमान से भोपाल से ग्वालियर पहुंचे, उनका विमान हवाई पट्टी पर उतरता उससे पहले ही वायुसेना के दो वाहन सामने आ गए। हवाई पट्टी पर दो वाहनों को देखकर विमान में बैठे लोग घबरा गए मगर पायलट ने विवेक नहीं खोया और विमान को उतारने की बजाय फिर उड़ान भर ली।
मध्य प्रदेश के जनसंपर्क आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने आईएएनएस से चर्चा के दौरान विमान के सामने दो वाहनों के आने की पुष्टि की है। बताया गया है कि विमान हवाई पट्टी से बमुश्किल 50 फीट ऊपर था तभी यह दो वाहन सामने आए। पायलट की सूझबूझ के चलते एक गंभीर हादसा होने से बचा है।
जानकारी के अनुसार प्रदेश के मुख्य सचिव राकेश साहनी ने केंद्रीय रक्षा सचिव तथा नागरिक उड्यन सचिव को पत्र लिखकर इस घटना से अवगत कराया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच कराकर लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विमान के सामने दो वाहनों के आने के मामले के तूल पकड़ने पर वायु सेना प्रमुख पी. वी. नाइक ने सफाई देते हुए कहा कि हवाई पट्टी पर आए दो कुत्तों को भगाने के लिए यह वाहन गए थे। यह कार्रवाई हादसे को रोकने के लिए की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications