भारत को पाक के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करनी चाहिए : फिक्की
फिक्की की ओर से कहा गया है, "भारत के पास पाकिस्तान के खिलाफ इस्तेमाल करने के लिए ढेर सारे विकल्प हैं। इनमें आर्थिक, व्यापारिक, मीडिया, विदेशी रिश्ते, सैन्य और गुप्त उपाय शामिल हैं।"
फिक्की की ओर से आतंकी हमलों को रोकने की भारत की तैयारी के मुद्दे पर 'आतंकवाद व राष्ट्रीय सुरक्षा पर कार्यबल रिपोर्ट' शीर्षक वाली 118 पृष्ठों की एक रिपोर्ट सोमवार को जारी की गई। इस रिपोर्ट में फिक्की की ओर से कहा गया है कि पिछले वर्ष मुंबई, जयपुर और बेंगलुरू में हुआ आतंकी हमला भारत की आर्थिक वृद्धि को पटरी से उतारने के लिए था।
कार्य बल के पैनल में पूर्व नौकरशाह, खुफिया और रक्षा अधिकारी शामिल हैं। इसमें लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सतीश नांबियार, पूर्व वायु सेना प्रमुख एस.कृष्णास्वामी, नेशनल सिक्युरिटी गार्ड (एनएसजी) के पूर्व प्रमुख वेद प्रकाश मारवाह, सेवानिवृत्त कैबिनेट सचिव बी.रमन और इंटेलिजेंस ब्यूरो के पूर्व निदेशक अजित कुमार डोवाल शामिल हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है, "पाकिस्तानी आतंकवाद के खिलाफ भारत का अब तक का जवाब प्रतिक्रियात्मक और रक्षात्मक रहा है। भारत को चाहिए कि वह पाकिस्तान को इस बात का अहसास करा दे कि भारत के खिलाफ आतंकवाद का लगातार प्रयोग उसके लिए भारत से कहीं ज्यादा विनाशकारी होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications