उपचुनाव : बसपा, तृणमूल और कांग्रेस के परचम लहराए (राउंडअप)
फिरोजाबाद से कांग्रेस के उम्मीदवार और फिल्म अभिनेता राज बब्बर ने सपा उम्मीदवार डिंपल यादव को 85,000 से अधिक मतों से पराजित किया। डिंपल सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधु हैं। इसलिए यह सीट सपा के लिए मूंछ की लड़ाई बन गई थी। मुलायम के बेटे अखिलेश के इस्तीफे से यह सीट खाली हुई थी। वह पिछले लोकसभा चुनाव में फिरोजाबाद के साथ-साथ कन्नौज से भी चुने गए थे। बाद में उन्होंने फिरोजाबाद सीट खाली कर दी थी।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 11 सीटों के लिए हुए उपचुनाव हुए थे। बसपा ने इनमें से नौ सीटें जीतकर सभी विपक्षी दलों का सूपड़ा साफ कर दिया। कांग्रेस के हाथों अपनी परम्परागत फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर हार का सामना करने वाली सपा विधानसभा की भी कोई सीट नहीं जीत सकी, जबकि कांग्रेस ने भाजपा से भी उसकी परम्परागत लखनऊ पश्चिम सीट छीन ली।
लखनऊ पश्चिम सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी श्याम किशोर शुक्ला ने कब्जा जमाते हुए भाजपा के अमित पुरी को नजदीकी मुकाबले में 2178 मतों से हराया। कोलअसला सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी अजय राय ने बसपा के जय प्रकाश मिश्रा को 8,837 मतों से हराया।
बसपा ने मुलायम के गढ़ इटावा और भरथना में भी उसे करारी शिकस्त दी। भरथाना सीट पर जहां बसपा उम्मीदवार शिव प्रसाद यादव ने सपा प्रत्याशी प्रदीप यादव को 16,778 मतों से हराया वहीं इटावा सीट पर सपा के विमल भदौरिया को 32, 827 हराकर बसपा के महेद्र सिंह राजपूत ने इस सीट पर कब्जा जमाया।
पडरौना और झांसी विधानसभा सीटें बसपा ने कांग्रेस से छीनीं। पडरौना विधानसभा सीट पर बसपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्या ने सपा के शाकिर अली को 53,024 मतों से हराया, तो झांसी में बसपा के कैलाश साहू ने निर्दलीय बिजेन्द्र कुमार व्यास को करीबी मुकाबले में सिर्फ 9 मतों से पराजित किया।
जौनपुर की रारी विधानसभा सीट पर बसपा के उम्मीदवार व सांसद धनंजय सिंह के पिता राजदेव सिंह ने सपा के प्रत्याशी ओम प्रकाश दुबे को 13,617 मतों से हराया।
हैसर बाजार सीट पर बसपा प्रत्याशी दशरथ चौहान ने कांग्रेस के उम्मीदवार नीलमणि गौतम को 8,797 मतों से पटखनी दी है। इसौली सीट पर बसपा के चंद्रभद्र सिंह ने कांग्रेस के जय नारायण तिवारी को 49,377 मतों से हराकर जीत दर्ज की।
ललितपुर सीट पर बसपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा और उसकी प्रत्याशी कुसुम देवी कुशवाहा ने सपा के उम्मीदवार चंद्रभूषण सिंह को 14,887 मतों से पराजित किया।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 10 सीटों पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ वाम मोर्चे को तगड़ा झटका लगा। यहां तृणमूल कांग्रेस-कांग्रेस गठबंधन आठ सीटों पर विजयी रहा है जबकि एक सीट फारवर्ड ब्लॉक के खाते में और एक निर्दलीय के खाते में गई है। गोलपोखर से फारवर्ड ब्लॉक के अली इमरान रामोज ने जीत दर्ज की।
तृणमूल कांग्रेस को जिन सीटों पर कामयाबी मिली है वे हैं- बोनगांव, सेरामपुर, अलीपुर, राजगंज, बेलागाछी (पूर्व), दक्षिणी कोंटाई और एगरा। कांग्रेस को मालदा जिले की सुजापुर सीट पर कामयाबी मिली है। यहां से कांग्रेस के ए.बी. गनी खान चौधरी के भाई अबु नासिर खान चौधरी 29,479 मतों के अंतर से विजयी रहे।
चौंका देने वाला नतीजा जालपाईगुड़ी जिले की कालीचिनी विधानसभा सीट से मिला, जहां निर्दलीय उम्मीदवार विल्सन चंपामारी विजयी रहे। अलीपुर में तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी बॉबी हाकिम ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कौस्तव चटर्जी को 27,000 से ज्यादा मतों से हरा दिया।
राजस्थान में विधानसभा की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस और मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की है। टोडाभीम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रमेश चंद ने कांग्रेस उम्मीदवार शिवदयाल मीणा को 8,200 मतों से पराजित कर दिया। दूसरी ओर सलुंबर सीट से कांग्रेस की बसंती मीणा ने भाजपा के अमृतलाल को 3,000 से ज्यादा मतों के अंतर से पराजित किया।
केरल विधानसभा की तीनों सीटें कांग्रेस ने जीत ली हैं। इन तीनों सीटों पर गत शनिवार को उपचुनाव हुआ था। कन्नूर से कांग्रेस के उम्मीदवार ए.पी.अब्दुल्ला कुट्टी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एम.वी.जयराजन को 12,000 से ज्यादा मतों के अंतर से पराजित किया। कुट्टी पहले माकपा में ही थे।
एर्नाकुलम से कांग्रेस के डोमिनिक प्रेजेंटेशन ने माकपा से पी. एन. सीनूलाल को 8,000 से ज्यादा मतों के अंतर से पराजित किया। वहीं अलाप्पुझा से ए. ए. शकूर ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के जी. कृष्णाप्रसाद को 5,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से पराजित किया।
छत्तीसगढ़ की वैशाली नगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा को पराजय का मुंह देखना पड़ा है। यह सीट कांग्रेस की झोली में गईं। वहां कांग्रेस के भजनसिंह निरंकारी ने भाजपा के उम्मीदवार जागेश्वर साहू को करीब 1600 मतों से हरा दिया। निरंकारी 11वें दौर तक पिछड़ रहे थे, लेकिन अंतिम पांचों दौर में उन्हें विजयी बढ़त मिली। भाजपा ने इस सीट पर गत वर्ष नवंबर में करीब 22,000 मतों से जीत हासिल की थी।
हिमाचल प्रदेश में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस को एक-एक सीट हासिल हुई है।
कांग्रेस के उम्मीदवार सुजान सिंह पठानिया ने ज्वाली विधानसभा सीट पर 5,249 वोटों से जीत हासिल की, जबकि भाजपा के खुशीराम बलंताह रोहड़ू से 8,473 मतों से विजयी हुए। ज्वाली में पठानिया को 25,168 और उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा के बलदेव राज चौधरी को 19,919 वोट मिले।
रोहड़ू में बलंताह को 27,705 और कांग्रेस के मंजीत सिंह को 19,232 वोट मिले। इस्पात मंत्री वीरभद्र सिंह के मजबूत गढ़ रोहड़ू से भाजपा को पहली बार जीत हासिल हुई है।
असम विधानसभा की दोनों सीटों पर सत्तारूढ़ कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी रहे हैं। ये सीटें पहले असम गण परिषद (अगप)और असम यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एयूडीएफ) के पास थीं।
दक्षिण सलमारा सीट पर वाजेद अली चौधरी विजयी रहे हैं। उन्होंने एयूडीएफ के प्रत्याशी अब्दुर रहमान अजमल को 6000 से ज्यादा मतों के अंतर से परास्त किया। अब्दुर रहमान पार्टी प्रमुख बदरूद्दीन अजमल के पुत्र हैं।
सोनितपुर जिले की धेकियाजुली सीट पर कांग्रेस के भीमानंद तांती ने अगप के शिबचरण साहू को 21,000 से ज्यादा मतों से परास्त किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications