फिलीस्तीन के साथ शीघ्र शांति चाहते हैं नेतन्याहू
वाशिंगटन, 10 नवंबर (आईएएनएस)। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि वह बिना किसी पूर्व शर्त के फिलीस्तीन के साथ वार्ता के लिए प्रतिबद्ध हैं और जल्द ही एक पूर्ण समझौता चाहते हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ बैठक से पहले नेतन्याहू ने यह टिप्पणी की। नई यहूदी बस्तियों को लेकर भी नेतन्याहू के अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ मतभेद हैं।
उत्तरी अमेरिका के यहूदी संगठनों की एक बैठक में नेतन्याहू ने कहा कि शांति हासिल करने के प्रयासों को तेज करने की आवश्यकता है।
नेतन्याहू ने कहा, "मेरा उद्देश्य अंतहीन वार्ता नहीं है। मेरा उद्देश्य केवल वार्ता के लिए वार्ता करना नहीं है। मेरा उद्देश्य इजरायल और फिलीस्तीन के बीच जल्दी ही एक स्थाई शांति संधि करना है।"
नेतन्याहू ने नई यहूदी बस्तियों के निर्माण पर पूरी तरह रोक लगाने के ओबामा के आग्रह को भी ठुकरा दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications