झांसी में चुनाव परिणाम के बाद हिंसा भड़की
झांसी विधानसभा उपचुनाव की मंगलवार को मतगणना हुई । कुल 26 चक्र में मतगणना का कार्य पूरा हुआ। 25 वें चक्र तक बसपा के बागी और निर्दलीय प्रत्याशी बृजेंद्र व्यास 569 वोट से आगे थे। व्यास को मिली बढ़त को देखते हुए उनके समर्थकों ने आतिशबाजी और मिठाई तक बांट दी थी, मगर 26 वें चक्र का नतीजा जैसे ही आया, उसमें बसपा प्रत्याशी साहू को 9 मतों से विजयी घोषित कर दिया गया।
बसपा प्रत्याशी को विजयी घोषित किए जाने के साथ ही शहर के कई हिस्सों में पथराव शुरू हो गया। पुलिस के एक दुपहिया वाहन सहित तीन वाहनों में आग लगा दी गई। पुलिस ने सभी प्रमुख बाजारों को बंद कराने के बाद बस स्टैंड से सभी बसों को भी हटा दिया है। इतना ही नहीं बाहर से आने वाली बसों को भी शहर से बाहर ही रोका जा रहा हैं।
शहर में हालात तनावपूर्ण हैं और पुलिस की गश्त जारी है। झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनोद दोहरे ने आईएएनएस को बताया है कि कुछ इलाकों में पथराव की घटनाएं हुई हैं मगर अब हालात नियंत्रण में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications