डेंगू के 42 नए मामले, 24 घंटे आपातकालीन ओपीडी की व्यवस्था (लीड-1)
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को 'गंभीर' करार दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री दिनेश त्रिवेदी ने मंगलवार को राजधानी में डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, "यह समस्या अब विकराल रूप लेती जा रही है। दिल्ली सरकार इस पर लगाम लगाने का हरसंभव प्रयास कर रही है।"
दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य मंत्री किरण वालिया ने इस मुद्दे पर मंगलवार देर शाम दिल्ली नगर निगम व दिल्ली सरकार के चिकित्सा अधिकारियों, सरकारी और निजी अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों की बैठक ली जिसमें उन्होंने डेंगू की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने के लिए कहा।
वालिया ने कहा कि डेंगू की रोकथाम के लिए छेड़े गए अभियान में और तेजी लाई जाएगी और इसे व्यापक तौर पर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान छेड़े जाएंगे जिसके तहत डेंगू की रोकथाम और बचाव के उपायों से अवगत कराया जाएगा।
वालिया ने दिल्ली सरकार के सभी अस्पतालों को डेंगू से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। वालिया ने कहा कि डेंगू मरीजों के लिए अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन ओपीडी की व्यवस्था की गई है। अस्पतालों को रक्त की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के हेडगेवार, संजय गांधी और बाबा साहब अंबेडकर अस्पतालों में ब्लड प्लेटलेट्स तैयार किए जाएंगे जिससे मरीजों को यह समय से मिल सके।
स्थानीय निकायों ने डेंगू के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए अपने स्तर पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत उन लोगों पर जुर्माना लगाया जा रहा है, जिनके यहां जल जमाव पाया गया है। जल जमाव से ही डेंगू के मच्छर पैदा होते हैं।
इसी के तहत दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राष्ट्रमंडल खेल गांव परिसर में निर्माण कार्य के दौरान जल जमाव के कारण डेंगू के मच्छर पनपने को लेकर वहां की देखरेख कर रहे अधिकारियों पर जुर्माना लगाने का फैसला किया है।
दिल्ली के महापौर कंवर सेन ने मंगलवार को आईएएनएस से कहा, "पूर्वी दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के पीछे स्थित राष्ट्रमंडल खेल गांव परिसर में इन दिनों बड़ी संख्या में डेंगू वाले मच्छर पैदा हो रहे हैं। हमने पिछले हफ्ते निर्माण कार्य का जायजा लिया। हमारे अधिकारियों ने पाया कि पानी के जमाव के कारण ऐसा हो रहा है। इसे लेकर निर्माण कार्यो की देखरेख कर रहे अधिकारियों पर जुर्माना लगाया गया है।"
दिल्ली में इस साल डेंगू के कारण दो लोगों की मौत हो चुकी है। डेंगू मामलों को देखने वाले नोडल अधिकारी देवाशीष भट्टाचार्य ने आईएएनएस को बताया, "मंगलवार को डेंगू के 42 नए मामले सामने आने की पुष्टि हो चुकी है। अब डेंगू पीड़ितों की संख्या बढ़कर 627 हो गई है। मंगलवार को सामने आए 42 मामलों में से 11 दिल्ली के बाहर के मामले हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications