नीतीश ने कोड़ा की डायरी की जांच की मांग
पटना में मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कुमार ने कहा कि मधु कोड़ा मामले में आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय द्वारा जब्त की गई कोड़ा की डायरी की गहन जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि एक निर्दलीय विधायक को मुख्यमंत्री बनाने में मदद करने वाले सभी लोग इस मामले में दोषी हैं। मुख्यमंत्री का मानना है कि कोड़ा के मुख्यमंत्रित्वकाल में यह घोटाला होता रहा और उनके समर्थकों ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाए रखा। समर्थकों को जानकारी नहीं होने जैसे प्रश्नों को निराधार बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा हो ही नहीं सकता कि इसकी जानकारी लोगों को नहीं हो।
उन्होंने इस मामले में कोड़ा के साथ-साथ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के नेताओं को भी बराबर का जिम्मेदार ठहराया।
उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग मधु कोड़ा पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले की जांच कर रहा है। जांच के क्रम में उनके घर से एक डायरी बरामद की गई है जिसमें कई लोगों के नाम और रकम लिखी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications