पश्चिमी तटीय इलाकों में चक्रवात की आशंका, चेतावनी जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की वेबसाइट के मुताबिक, "अरब सागर के ऊपर 13.50 अक्षांश (उत्तर) और 70.50 देशांतर (पूर्व) में एक दबाव क्षेत्र बना हुआ है।"
मंगलवार की सुबह 11.30 बजे दबाव क्षेत्र मेंगलोर से 470 किलोमीटर, गोवा से 420 किलोमीटर और मुंबई से 700 किलोमीटर की दूरी पर स्थित था।
चेतावनी में आईएमडी की वेबसाइट पर लिखा गया है कि दबाव एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। यह तूफान कुछ समय तक उत्तरी दिशा की ओर बढ़ सकता है, इसके बाद गुरुवार तक इसके उत्तर-उत्तरपूर्व और दक्षिणी गुजरात और उत्तरी महाराष्ट्र के तट तक पहुंचने की संभावना है।
इससे तटीय इलाकों में भारी वर्षा का अनुमान लगाया गया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
आईएमडी की चेतावनी में कहा गया है कि दक्षिणी गुजरात में कल (बुधवार) से भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है।
चेतावनी में अगले 48 घंटों के दौरान कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में और अगले 24 घंटे तक लक्ष्यद्वीप व केरल के तटीय इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। इन इलाकों के मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications