प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर के विद्यार्थियों से मिलेंगे
पूर्वोत्तर कांग्रेस कमेटी के महासचिव शरीफ लस्कर ने कहा कि इस मुद्दे की ओर प्रधानमंत्री का ध्यान आकर्षित करने के लिए दो अन्य सदस्यों के साथ वह मंगलवार की सुबह प्रधानमंत्री से उनके सरकारी आवास पर मिलने गए थे।
लस्कर ने आईएएनएस से कहा, "मुख्यमंत्री शीला दीक्षित द्वारा पूर्वोत्तर के युवाओं की सुरक्षा के लिए विभिन्न उपायों की घोषणा किए जाने के बाद भी पूर्वोत्तर के लोगों साथ आए दिन आपराधिक घटनाएं घट रही हैं। इसलिए कमेटी के अन्य दो सदस्यों के साथ मैं प्रधानमंत्री से मंगलवार को मिलने गया, ताकि वह इस मामले में हस्तक्षेप करें।"
पूर्वोत्तर के युवाओं के खिलाफ जारी आपराधिक घटनाओं के विरोध में लस्कर ने पिछले सप्ताह जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। पिछले 25 अक्टूबर को आईआईटी के एक छात्र द्वारा नगा समुदाय की एक 19 वर्षीय युवती की दिल्ली में उसके घर के अंदर जघन्य हत्या किए जाने के बाद राजधानी में विभिन्न छात्र संगठनों ने मोम बत्तियां हाथ में लेकर रैली भी निकाली थी।
लस्कर ने कहा, "प्रधानमंत्री के साथ लगभग 20 मिनट तक हमारी बातचीत हुई। बातचीत के दौरान उन्होंने हमारी चिंताओं को सुना और हमसे कहा कि कि वह इस मुद्दे पर चर्चा के लिए पूर्वोत्तर के विद्यार्थियों और संबंधित अधिकारियों की जल्द ही एक बैठक बुलाएंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications