विधानसभा उपचुनाव : बसपा, कांग्रेस और तृणमूल का लहराया परचम (लीड-1)
इन उपचुनावों में वामपंथी दलों, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) को करारा झटका लगा है। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की फिरोजाबाद संसदीय सीट पर हुए उपचुनाव की प्रतिष्ठापूर्ण लड़ाई जीत ली है।
फिरोजाबाद से कांग्रेस के उम्मीदवार और फिल्म अभिनेता राज बब्बर ने सपा उम्मीदवार डिंपल यादव को 85,000 से अधिक मतों से पराजित किया। डिंपल सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधु हैं। इसलिए यह सीट सपा के लिए मूंछ की लड़ाई बन गई थी। मुलायम के बेटे अखिलेश के इस्तीफे से यह सीट खाली हुई थी। वह पिछले लोकसभा चुनाव में फिरोजाबाद के साथ-साथ कन्नौज से भी चुने गए थे। बाद में उन्होंने फिरोजाबाद सीट खाली कर दी थी।
उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में से अब तक आठ के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इनमें से सत्तारुढ़ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को छह पर कामयाबी मिली है। एक सीट कांग्रेस और एक निर्दलीय की झोली में गई है। तीन अन्य सीटों पर मतगणना जारी है।
प्रदेश में हुए इन उपचुनावों में सपा के साथ-साथ भाजपा को भी जबरदस्त झटका लगा है। भाजपा ने लखनऊ पश्चिम की अपनी परम्परागत सीट गवां दी है। कांग्रेस के प्रत्याशी श्याम किशोर शुक्ला ने यहां भाजपा के प्रत्याशी अमित पुरी को हराया।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 10 सीटों पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ वाम मोर्चे को तगड़ा झटका लगा है। यहां तृणमूल कांग्रेस-कांग्रेस गठबंधन आठ सीटों पर विजयी रहा है जबकि एक सीट फारवर्ड ब्लॉक के खाते में और एक निर्दलीय के खाते में गई है। गोलपोखर से फारवर्ड ब्लॉक के अली इमरान रामोज ने जीत दर्ज की।
तृणमूल कांग्रेस को जिन सीटों पर कामयाबी मिली है वे हैं- बोनगांव, सेरामपुर, अलीपुर, राजगंज, बेलागाछी (पूर्व), दक्षिणी कोंटाई और एगरा। कांग्रेस को मालदा जिले की सुजापुर सीट पर कामयाबी मिली है। यहां से कांग्रेस के ए.बी. गनी खान चौधरी के भाई अबु नासिर खान चौधरी 29,479 मतों के अंतर से विजयी रहे।
चौंका देने वाला नतीजा जालपाईगुड़ी जिले की कालीचिनी विधानसभा सीट से मिला, जहां निर्दलीय उम्मीदवार विल्सन चंपामारी विजयी रहे। अलीपुर में तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी बॉबी हाकिम ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कौस्तव चटर्जी को 27,000 से ज्यादा मतों से हरा दिया।
राजस्थान में विधानसभा की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस और मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की। टोडाभीम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रमेश चंद ने कांग्रेस उम्मीदवार शिवदयाल मीणा को 8,200 मतों से पराजित कर दिया। दूसरी ओर सालुंबर सीट से कांग्रेस की बसंती मीणा ने भाजपा के अमृत लाल को 3,000 से ज्यादा मतों के अंतर से पराजित किया।
केरल विधानसभा की तीनों सीटें कांग्रेस ने जीत ली हैं। इन तीनों सीटों पर गत शनिवार को उपचुनाव हुआ था। कन्नूर से कांग्रेस के उम्मीदवार ए.पी.अब्दुल्ला कुट्टी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एम.वी.जयराजन को 12,000 से ज्यादा मतों के अंतर से पराजित किया। कुट्टी पहले माकपा में थे।
एर्नाकुलम से कांग्रेस के डोमिनिक प्रेजेंटेशन ने माकपा से पी.एन.सीनूलाल को 8,000 से ज्यादा मतों के अंतर से पराजित किया। वहीं अलाप्पुझा से ए. ए. शकूर ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के जी.कृष्णाप्रसाद को 5,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से पराजित किया।
छत्तीसगढ़ की वैशाली नगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा को पराजय का मुंह देखना पड़ा है। यह सीट कांग्रेस की झोली में गईं।
कांग्रेस के भजन सिंह निरंकारी ने भाजपा के उम्मीदवार जागेश्वर साहू को करीब 1600 मतों से हरा दिया। निरंकार 11वें दौर तक पिछड़ रहे थे, लेकिन अंतिम पांचों दौर में उन्हें विजयी बढ़त मिली। भाजपा ने इस सीट पर गत वर्ष नवंबर में करीब 22,000 मतों से जीत हासिल की थी।
हिमाचल प्रदेश में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस को एक-एक सीट हासिल हुई है।
कांग्रेस के उम्मीदवार सुजान सिंह पठानिया ने ज्वाली विधानसभा सीट पर 5,249 वोटों से जीत हासिल की, जबकि भाजपा के खुशीराम बलंताह रोहड़ू से 8,473 मतों से विजयी हुए। ज्वाली में पठानिया को 25,168 और उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा के बलदेव राज चौधरी को 19,919 वोट मिले।
रोहड़ू में बलंताह को 27,705 और कांग्रेस के मंजीत सिंह को 19,232 वोट मिले। इस्पात मंत्री वीरभद्र सिंह के मजबूत गढ़ रोहड़ू से भाजपा को पहली बार जीत हासिल हुई है।
असम विधानसभा की दोनों सीटों पर सत्तारूढ़ कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी रहे हैं। ये सीटें पहले असम गण परिषद (अगप)और असम यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एयूडीएफ) के पास थीं।
दक्षिण सलमारा सीट पर वाजेद अली चौधरी विजयी रहे हैं। उन्होंने एयूडीएफ के प्रत्याशी अब्दुर रहमान अजमल को 6000 से ज्यादा मतों के अंतर से परास्त किया। अब्दुर रहमान पार्टी प्रमुख बदरूद्दीन अजमल के पुत्र हैं।
सोनितपुर जिले की धेकियाजुली सीट पर कांग्रेस के भीमानंद तंती ने अगप के शिब चरण साहू को 21,000 से ज्यादा मतों से परास्त किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications