स्वाइन फ्लू की आशंका से चण्डीगढ़ के 3 स्कूल बंद
चण्डीगढ़, 10 नवंबर (आईएएनएस)। स्वाइन फ्लू से एक किशोरी की मौत हो जाने के बाद मंगलवार को चण्डीगढ़ के तीन निजी स्कूलों को बंद कर दिया गया। ये स्कूल सप्ताहभर तक बंद रहेंगे।
पंचकूला स्थित स्कूल मोती राम आर्य की 10वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा पल्लवी क्वात्रा का सोमवार को स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) में निधन हो गया।
स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी एच. सी. गेरा का कहना है, "मरीज को पीजीआईएमईआर लाया गया था और उसे सांस लेने में परेशानी हो रही थी और तेज बुखार था। हमने तुरंत उसके नमूने जांच के लिए भेजे थे और जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। यद्यपि जांच रिपोर्ट आने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई थी।"
गेरा ने कहा, "पहले उसे एक निजी अस्पताल में ले जाया गया था लेकिन उसकी गंभीर स्थिति देखने के बाद चिकित्सकों ने उसे पीजीआईएमईआर ले जाने के लिए कहा। हमने पंचकूला के स्वास्थ्य अधिकारियों को सूचित कर दिया ताकि वे उस लड़की के संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कर सकें।"
इस बीच पंचकूला के स्वास्थ्य अधिकारी लड़की के परिवार के 11 सदस्यों और उसकी दो मित्रों की उनके घर पर निगरानी कर रहे हैं।
मोती राम आर्य स्कूल की प्राचार्या उमा कपाडिया का कहना है कि उनका स्कूल कम से कम एक सप्ताह के लिए बंद रहेगा। इस बीच सोमवार को स्वाइन फ्लू के दो और मामले मिलने के बाद चण्डीगढ़ के निजी स्कूलों सेक्टर आठ और सेक्टर 39 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूलों को भी बंद कर दिया गया है।
अब तक चण्डीगढ़ में 67 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications