चण्डीगढ़ के चिकित्सक को स्वाइन फ्लू
चण्डीगढ़, 9 नवंबर (आईएएनएस)। चंडीगढ़ में एकसरकारी अस्पताल के 28 वर्षीय चिकित्सक में स्वाइन फ्लू के संक्रमण की पुष्टि होने के साथ ही यहां इस बीमारी के मामलों की संख्या 63 हो गई है।
एक स्वास्थ्य अधिकारी ने सोमवार को कहा, "मरीज सेक्टर 32 के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में चिकित्सक हैं। वह अस्पताल परिसर में ही चिकित्सक आवास में रहते हैं। हमने रविवार उनके जांच नमूने इकट्ठे किए थे।"
उन्होंने कहा कि जांच के बाद पता चला है कि उन्हें फ्लू है। अधिकारी ने कहा कि उनके परिवार के चार सदस्यों को भी विशेष निगरानी में रखा गया है।
अब तक यहां पर 63 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। चण्डीगढ़ के विभिन्न अस्पतालों के 17 चिकित्सकों में एच1एन1 वायरस की पुष्टि हुई है।
चण्डीगढ़ में स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी एच. सी. गेरा ने बताया, "स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल कर्मचारियों के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। हम जानते हैं कि उनका काम ही इस तरह का है कि उनमें आसानी से इस वायरस का संक्रमण हो सकता है लेकिन हम इसके फैलाव को नियंत्रित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications