अल सल्वाडोर में बाढ़ से 100 से ज्यादा मरे (लीड-1)
मेक्सिको सिटी/सैन सल्वाडोर, 9 नवंबर (आईएएनएस)। अल सल्वाडोर में भारी वर्षा के कारण भूस्खलन और बाढ़ से 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। बचावकर्मियों ने यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार कैरेबियन समुद्र के तूफान इडा के प्रभाव के कारण हुई भारी वर्षा से क्षेत्र के अन्य देशों में भी तबाही हुई है। दक्षिणी मेक्सिको में 200,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
अल सल्वाडोर की राजधानी सैन सल्वाडोर में ही 60 लोगों की मौत हुई।
अल सल्वाडोर के आतंरिक मंत्री हम्बटरे सेंटेनो ने बताया कि भूस्खलन में फंसने से 40 अन्य लोगों की मौत सैन विसेंटा कस्बे और उसके आसपास के इलाके में हुई। भूस्खलन की एक घटना में आठ किलोमीटर का इलाका प्रभावित हुआ। इससे कई कस्बों में तबाही हुई।
क्षेत्र का कुछ हिस्सा बाढ़ से पूरी तरह कट गया है। सैन विसेंटा में 300 से अधिक मकान ध्वस्त हो गए हैं और सड़कें तथा पुल टूट गए हैं।
अमेरिका के मियामी स्थित नेशनल हरिकेन सेंटर के मौसम विज्ञानियों ने समुद्री तूफान इडा के मेक्सिको की खाड़ी में बने रहने की भविष्यवाणी की है। इसका प्रभाव अमेरिकी खाड़ी के तटों पर भी पड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications