किसानों ने पटरियां उखाड़ कर यातायात बाधित किया
बागपत में किसानों ने रेलमार्ग क्षतिग्रस्त कर दिया, इससे दिल्ली-बागपत-सहारनपुर रेलमार्ग अवरुद्ध हो गया। मेरठ के दौराला, परतापुर और सरधना और सहारनपुर के कुछ इलाकों से आक्रोशित किसानों के यातायात बाधित किए जाने की खबरें आ रही हैं।
बागपत के पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि तड़के से ही किसानों ने जिले के बवली रेलवे स्टेशन के निकट रेलमार्ग की फिश प्लेटें उखाड़ दीं, इससे सहारनपुर-बागपत-दिल्ली रेलमार्ग बाधित हो गया और रेलगाड़ियों का संचालन रुक गया।
कुमार ने बताया की किसानों द्वारा बागपत-बड़ौत और बागपत- सहारनपुर राजमार्ग जाम करने से यातायात बाधित हो गया। जिले के अन्य इलाकों में भी किसानों ने सड़क-मार्ग जाम किए हैं। उन्होंने कहा कि हालात काबू में करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
किसानों ने सोमवार सुबह 10 बजे से चक्काजाम का ऐलान किया था, लेकिन तड़के से ही वे सड़कों पर उतर आए।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा गóो का समर्थन मूल्य 165 रुपये प्रति क्विंटल व केंद्र सरकार द्वारा उससे भी कम 129.85 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने और उचित एवं लाभकारी मूल्य व्यवस्था (एफआरपी) तय करने का किसान विरोध कर रहे हैं। गन्ना किसान प्रति क्विंटल 280 रुपये से ऊपर कीमत की मांग कर रहे हैं।
केंद्र सरकार ने हाल ही में एक अध्यादेश जारी कर न्यूनतम वैधानिक मूल्य (एसएमपी) समाप्त करके उसके स्थान पर उचित एवं लाभकारी मूल्य व्यवस्था (एफआरपी) लागू कर गन्ना मूल्य 129.85 रुपये प्रति क्विंटल तय किया था।
इसके विरोध में गत चार नवंबर को राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) ने मेरठ में किसानों की एक महा पंचायत कर सरकार को 9 नवंबर तक वाजिब गन्ना मूल्य की घोषणा करने की चेतावनी दी थी। रालोद ने कहा था कि अगर सरकार ने उनकी मांगे नहीं स्वीकार की तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रेलगाड़ियां और राजमार्ग जाम कर सरकारी व्यवस्था ठप कर दी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications