शीला ने मनु शर्मा को पैरोल पर रिहा किए जाने का बचाव किया
दीक्षित ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, "सब कुछ नियम के मुताबिक किया गया। यह फैसला एक समिति ने लिया, जिसमें जेल अधीक्षक, गृह सचिव, दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस और लेफ्टिनेंट गर्वनर शामिल थे।"
दीक्षित ने कहा, "पैरोल के लिए आवेदन करना कैदी का अधिकार है। पूरे मामले की समीक्षा करने के बाद समिति ने कैदी के लिए पैरोल की सिफारिश की थी।"
रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कानूनी मामलों के विशेषज्ञों ने शर्मा को पैरोल दिए जाने की सिफारिश करने पर दिल्ली में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार की आलोचना की थी। पैरोल पर रिहा होने के बाद शुक्रवार रात शर्मा को एक नाइट क्लब में देखा गया था।
शर्मा को पैरोल पर रिहा इस आधार पर किया गया था कि उनकी मां गंभीर रूप से बीमार हैं। उसके पैरोल को 22 नवंबर तक बढ़ा दिया गया था।
दूसरी ओर शुक्रवार को चण्डीगढ़ के पिकाडली होटल में शर्मा की मां शक्ति रानी को एक संवाददाता सम्मेलन में देखा गया, जिनकी बीमारी के नाम पर शर्मा को पैरोल पर रिहा किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications