बॉलीवुड के लिए वस्त्र डिजाइन करने का धैर्य नहीं : रितु कुमार
नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। विशिष्ट संस्कृति में रचे-बसे भारतीय परिधानों के लिए पहचानी जाने वाली डिजाइनर रितु कुमार पिछले 40 वर्षो से फैशन उद्योग से जुड़ी हुई हैं। फिर भी उन्होंने अब तक बॉलीवुड की मुख्यधारा की किसी भी फिल्म के लिए वस्त्र डिजाइन नहीं किए हैं और इसका कारण यह है उनके पास न तो समय है और न ही धैर्य।
रितु कुमार ने एक साक्षात्कार के दौरान आईएएनएस से कहा, "बॉलीवुड में जिस तरह से काम होता है उसे देखते हुए मुझे नहीं लगता कि मेरे पास उस सब के लिए समय और धैर्य है।"
उन्होंने कहा, "एक ठेठ हिंदी फिल्म के लिए आपको पूरे समय शूटिंग स्थल पर मौजूद रहना पड़ता है। वहां पर अंतिम समय में परिवर्तन हो सकते हैं या निर्देशक या कलाकार अपने परिधानों से खुश नहीं हो सकते हैं और तब आपको वहीं पर उनमें बदलाव करना पड़ता है।"
अपनी उम्र के 60वें साल में प्रवेश कर चुकीं रितु लंबे समय से गुजरात के भुज के दस्तकारों से जुड़ी हुई हैं। भारत और विदेशों में उन्हें उनके डिजाइनों के लिए पहचाना जाता है।
यद्यपि वह अपने बेटे अश्विन कुमार की 2004 के ऑस्कर पुरस्कारों के लिए नामित हो चुकी फिल्म 'लिटिल टेररिस्ट' और अपनी चचेरी बहन दीपा मेहता की फिल्म 'बॉलीवुड हॉलीवुड' के लिए वस्त्र डिजाइन कर चुकी हैं। रितु कहती हैं कि वे अलग तरह की फिल्में हैं।
रितु कुमार कहती हैं कि इन फिल्मों के लिए उन्हें शूटिंग स्थल पर मौजूद नहीं रहना पड़ता था। फिल्म की कहानी और किरदारों पर पहले ही उनके साथ बातचीत कर ली गई थी। इसलिए उनके लिए बॉलीवुड की अन्य फिल्मों की अपेक्षा इन फिल्मों के लिए वस्त्र डिजाइन करना आसान था।
वैसे रितु कुमार एक ऐतिहासिक फिल्म के लिए काम करने की संभावना से इनकार नहीं करती हैं। वह कहती हैं कि उन्हें ऐतिहासिक फिल्म के लिए गहन शोध करने में कोई परेशानी नहीं है लेकिन वह पूरे दिन शूटिंग स्थल पर नहीं बैठ सकती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications