सिंध असेंबली की वेबसाइट बंद
अमेरिका की अंतर्राष्ट्रीय सहायता एजेंसी (यूएसएआईडी) की सहायता संबंधी संविदा की अवधि खत्म होने के बाद सिंध असेंबली की वेबसाइट को बंद किया गया है।
असेंबली के सचिव हादी बक्श बुरीरो ने पाकिस्तानी समाचार पत्र 'द न्यूज' से कहा कि यूएसएआईडी की संविदा की दो साल की अवधि खत्म होने के बाद वेबसाइट को बंद करने का फैसला किया गया है।
पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता जेरिमिया ए.नाइट ने संविदा की अवधि खत्म होने संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में असमर्थता जाहिर की। उन्होंने कहा कि हालांकि यूएसएआईडी अमेरिकी सरकार की एजेंसी है लेकिन सिंध असेंबली की वेबसाइट संबंधी परियोजना के लिए दूतावास में अलग से कर्मचारी नियुक्त किए गए थे।
उल्लेखनीय है कि सिंध असेंबली की वेबसाइट अमेरिका द्वारा पाकिस्तानी विधायिका को सुदृढ़ करने की 93 लाख डॉलर की परियोजना का हिस्सा थी। इस परियोजना की शुरुआत चार सूबे और नेशनल असेंबली में की गई थी।
विभिन्न नागरिक अधिकार गुटों ने वेबसाइट के बंद होने पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications