अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के लिए आस्ट्रेलिया की नई वीजा नीति
आस्ट्रेलिया के आव्रजन और नागरिकता मंत्री सीनेटर क्रिस इवान्स ने कहा कि एक जनवरी 2010 से अपनी शिक्षा को दूसरे स्कूल या कॉलेज में पूरा करने के लिए जिन छात्रों को नए वीजा की आवश्यकता होगी, उनको छात्र वीजा के लिए आवश्यक 540 आस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 22,447 रुपये) के शुल्क से छूट मिलेगी।
इवान्स ने कहा कि यद्यपि अधिकांश छात्र अपने मौजूदा वीजा पर ही शिक्षा पूरी करने में सक्षम होंगे। परंतु जो पाठ्यक्रम छात्रों की मौजूदा वीजा अवधि के बाद पूरा होंगे उन पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने के लिए नए वीजा की आवश्यकता होगी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2009 में 12 अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा प्रदाताओं को बंद कर दिया गया, इससे करीब 4,700 छात्र प्रभावित हुए हैं।
इवान्स ने कहा कि शिक्षा प्रदाता के आगे शिक्षा नहीं उपलब्ध करा सकने की स्थिति में सरकार की प्राथमिक चिंता छात्रों का कल्याण है।
उन्होंने कहा, "हम समझते हैं कि छात्रों की गलती के कारण यह स्थिति नहीं बनी है और छात्र वीजा शुल्क हटाना यह सुनिश्चित करेगा कि उन पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ न बढ़े।"
यदि छात्र वर्ष 2009 में शिक्षा प्रदाताओं के बंद होने से प्रभावित हुए हैं और पहले ही नए वीजा के लिए आवेदन कर चुके हैं तो वे शुल्क वापसी और नए वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications