भारत को निवेश के लिए अधिक आकर्षक बनाया जाएगा : प्रधानमंत्री
विश्व आर्थिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) के भारत आर्थिक शिखर सम्मेलन में सिंह ने कहा, "हमारी नीतियां भारत को विदेशी निवेश के लिए और अधिक आकर्षक बनाने की इच्छा से निर्देशित होंगी।"
दावोस स्थित संगठन से भारत के संबंध के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने कहा, "निवेशकों के अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए हम प्रक्रियाओं को उपयुक्त और सरल बनाने के लिए विशेष रूप से उत्सुक हैं।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की बदौलत वर्ष 2001-02 के बाद से देश में 121 अरब डॉलर का निवेश आया है।
उन्होंने कहा, "हमारी अर्थव्यवस्था के आकार को देखते हुए यह कोई बहुत बड़ी संख्या नहीं है। हाल के वर्षो में भारत को निवेश के सबसे आकर्षक स्थानों की सूची में शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त हम भारतीय कंपनियों में विदेशी संस्थागत निवेशकों के निवेश का भी स्वागत करते हैं।"
पूरी दुनिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, नीति निर्माताओं और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों से सिंह ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में जन भागीदारी के बारे में एक बड़ा फैसला हाल ही में लिया गया है।
उन्होंने कहा, "अब हमें घरेलू बाजार में सरकारी हिस्सेदारी की बिक्री में प्रगति होने और चुनिंदा कंपनियों के नए शेयर जारी होने की आशा दिख रही है।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक वित्तीय संकट के भारतीय बैंकों और वित्तीय संस्थानों को सीधे प्रभावित नहीं करने के बावजूद इसने देश की व्यवस्था को विभिन्न तरीकों से मजबूत बनाने की जरूरत महसूस कराई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications