सिख विरोधी दंगा पीड़ितों के लिए दिल्ली में बनेगा स्मारक : बादल (लीड-1)
सिख विरोधी दंगे की 25वीं बरसी पर आयोजित प्रार्थना सभा में विभिन्न धार्मिक व राजनीतिक संगठनों का नेतृत्व करते हुए बादल ने दंगे को सिख इतिहास का तीसरा नरसंहार बताया।
बादल ने रविवार को नई दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-दो में स्थित एक गुरुद्वारा में आयोजित प्रार्थना में हिस्सा लिया। बाद में उन्होंने कहा कि दंगा पीड़ितों की स्मृति में पंजाब में भी एक स्मारक बनाया जाएगा।
उधर, अकाली दल के अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने पटियाला में एक गुरुद्वारा में प्रार्थना में हिस्सा लिया।
रविवार को अकाली और एसजीपीसी ने 'अरदास दिवस' करार देते हुए सभी धर्मों के लोगों से दंगा पीड़ितों को न्याय दिलाने की अपील की।
एसजीपीसी ने पंजाब के विभिन्न इलाकों में स्थित गुरुद्वारों में प्रार्थनाएं आयोजित की। अकालियों की मांग है कि दंगे के दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
सुखबीर बादल ने कहा, "1984 के पीड़ितों को 25 वर्षो में न्याय नहीं मिला। हम चाहते हैं कि दोषियों को सजा मिले। कांग्रेस उन्हें दबाने की कोशिश कर रही है।"
उल्लेखनीय है कि 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गांधी की उनके दो सिख सुरक्षाकर्मियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद देश भर में सिख विरोधी दंगे भड़क उठे थे। उस दंगे में लगभग 3,000 सिखों को निशाना बनाया गया था और उनकी हत्या कर दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications