प्रगति मैदान में 18 नवम्बर को 'राजस्थान दिवस' मनाया जाएगा
राजस्थान मंडप के लिए प्रदेश की नॉडल एजेंसी राजस्थान लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मनोहर कांत कलोह्यिा के अनुसार मंडप को इस बार नये परिवेश में तैयार किया जा रहा है। मंडप में राजस्थान की समृद्घ परम्परा के साथ ही आधुनिक राजस्थान की झलक का आकर्षक समावेश होगा।
मंडप के मुख्य द्वार के अंदर प्रवेश करते ही दर्शकों को इस बार जोधपुर के ऐतिहासिक मेहरानगढ़ किले के 'फूलमहल' की आंतरिक साज-सज्जा की झलक देखने को मिलेगी। साथ ही प्रदेश के समृद्घ पर्यटन स्थलों, नई शाही रेलगाडी "रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स" के साथ ही थीम एरिया में प्रदेश से सम्बंधित सेवाओं के निर्यात से जुड़े विभिन्न पहलुओं को ट्रांसलाइट्स कॉलाज और डमी द्वारा प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें प्रदेश में संचालित विभिन्न बहुर्राष्ट्रीय कम्पनियों के बी.पी.ओ, कॉल सेन्टर्स के साथ ही देश-विदेश में लोकप्रिय प्रदेश की योग विद्या और आयुर्वेद इलाज तथा जेम्स-ज्वैलरी, हेंडीक्राफ्ट्स और दुनिया भर में जाकर प्रदेश की कला, संस्कृति को विदेशों में उजागर करने वाले लोक कलाकारों की डमी को भी दर्शाया जायेगा। इसके अलावा विश्व प्रसिद्घ राजस्थान के वस्त्र एवं परिधानों और प्रदेश के परम्परागत फेब्रिक्स के साथ ही नई डिजाईनों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा।
मंडप को तैयार करने में जुटे चिरजंन संस्था के रंजन खन्ना ने बताया कि मनोहर कांत की पहल पर इस बार मंडप में 'शिल्प-आंगन' तैयार किया जा रहा है जिसमें राजस्थान के मास्टर क्राफ्ट्समेन अपनी कला का जीवंत प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने बताया कि भारतीय ट्रेड प्रमोशन आर्गेनाईजेशन द्वारा इस वर्ष मेला की थीम 'एक्सपोर्ट ऑफ सर्विसेज' (सेवाओं का निर्यात) रखी गई है। मंडप को इसी अनुरूप सुसज्जित किया जा रहा है और थीम के अनुरूप कॉलाज और ट्रांसलाइट्स लगाकर कर मंडप को परम्परा और आधुनिकता का संगम बनाया जा रहा है।
भव्य हवेलीनुमा मंडप के बाहरी हिस्से को इस बार राजस्थान की मारवाड शैली की कलम के भित्ति चित्रों से सुसज्जित किया जायेगा। वहीं पिछले मुख्य द्वार के आसपास के आवरण को 'ढोला मारू' चित्रों से सजाया जा रहा है।
मण्डप का केन्द्रीय स्थल 'राजस्थान पर्यटन' को समर्पित रहेगा जिसमें प्रदेश की बहुरंगी कला, संस्कृति और इतिहास को बहुत ही आकर्षक रूप में दर्शाया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के अन्य राजकीय विभागों विशेषकर ऊर्जा विभाग की प्रदर्शनी मंडप के अन्य आकर्षण होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications