दलाई लामा तवांग पहुंचे, हजारों लोगों ने किया भव्य स्वागत
तवांग(अरूणाचल प्रदेश), 8 नवंबर (आईएएनएस)। तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा पड़ोसी चीन के ऐतराज के बावजूद रविवार को अरूणाचल प्रदेश के तवांग पहुंच गए। यहां हजारों की संख्या में लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।
दलाई लामा सुबह 7.45 बजे नई दिल्ली से असम के मुख्य शहर गुवाहाटी पहुंचे।
वरिष्ठ बौद्ध आध्यात्मिक नेता और पूर्व मंत्री टी.जी. रिंपोचे ने आईएएनएस को बताया, "दलाई लामा अरूणाचल पहुंचकर बहुत खुश हैं।" उन्होंन भी दलाई लामा का हवाई अड्डे पर स्वागत किया।
तवांग से आठ किलोमीटर की दूरी पर हेलीपैड बना था। यहां से लेकर तवांग तक सड़कों के दोनों ओर लोगो अपने आध्यात्मिक नेता का स्वागत करने के लिए कतार बना कर खड़े थे।
तवांग के मठ में दलाई लामा का धार्मिक ढंग से स्वागत करने के लिए लगभग 800 भिक्षु मौजूद थे। एक भिक्षु सरवांग लामा ने कहा, "हम दलाई लामा को यहां पाकर बहुत उत्साहित हैं।"
दलाई लामा रविवार को तवांग के मठ में एक संग्रहालय और पुस्तकालय का उद्धाटन करेंगे। इसके बाद वह मौजूद भिक्षुओं और पुजारियों को संबोधित करेंगे।
मठ से जुड़े गुरू टुकू ने कहा, "दलाई लामा सोमवार को मठ के निकट एक स्कूल के मैदान में होने वाले प्रार्थना सत्र में हिस्सा लेंगे। यह उनकी पहली सार्वजनिक उपस्थिति होगी।"
गौरतलब है कि चीन ने मांग की थी कि भारत दलाई लामा को अरूणाचल दौरे की इजाजत न दे। भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह दलाई लामा के कहीं भी आने-जाने पर नियंत्रण नहीं लगा सकता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications