दिल्ली मेट्रो में दो घंटे तक फंसे रहे यात्री (लीड-1)
बिजली आपूर्ति बाधित होने की वजह से अपराह्न 3.15 बजे दिल्ली मेट्रो की एक रेलगाड़ी के पहिए आर.के.आश्रम मार्ग स्टेशन और राजीव चौक स्टेशन के बीच थम गए।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा बिजली बाधित होने की वजह से सिगनल ने काम करना बंद कर दिया जिससे रेलगाड़ी का परिचालन थम गया।
अधिकारी ने बताया कि यात्रियों को आपातकालीन द्वार से बाहर निकाला गया और इस दौरान कुछ यात्रियों के पैरों में मोच आ गई। उन्हें नजदीकी अस्पताल में उपचार उपलब्ध कराया गया।
दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों ने कहा कि करीब 3.45 बजे फंसी रेलगाड़ी के पीछे चलने वाली गाड़ी को राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर खाली कराया गया और उसे ट्रैक क्लियरेंस मिलने के बाद 4.20 बजे राहत रेलगाड़ी के रूप में इस्तेमाल किया गया।
करीब 25 मिनट बाद प्रभावित रेलगाड़ी को मरम्मत के लिए यमुना बैंक डिपो ले आया गया। रेल सेवा एक घंटे 41 मिनट के बाद सामान्य हो पाई।
दिल्ली मेट्रो के प्रवक्ता अनुज दयाल ने एक बयान में कहा कि राहत अभियान में देरी इसलिए हुई क्योंकि कुछ यात्रियों ने रेल संचालक द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया। संचालक ने बार-बार यात्रियों को धैर्य रखने को कहा लेकिन इसके बावजूद कुछ यात्रियों ने आपातकालीन द्वार को खोल दिया। ट्रैक पर यात्रियों के आ जाने की वजह से राजीव चौक स्टेशन से राहत रेलगाड़ी रवाना नहीं हो सकी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications