82 साल के हुए आडवाणी, राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं (लीड-1)
आडवाणी का यह जन्मदिन पिछले वर्ष के जन्मदिन से भिन्न रहा। पिछले वर्ष आडवाणी ने अपने जन्मदिन के मौके पर अपने प्रधानमंत्री पद के अभियान के लिए एक वेबसाइट लांच की थी। हालांकि उनका वह प्रयास विफल साबित हुआ।
राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह, भाजपा नेता सुषमा स्वराज के अलावा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी आडवाणी को शुभकामनाएं दी।
पार्टी के एक प्रवक्ता ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा, "आडवाणी लोगों से अपने घर पर मिल रहे हैं। पार्टी की ओर से उनके जन्मदिन पर कोई कार्यक्रम नहीं आयोजित किया गया है।"
आडवाणी को शुभकामनाएं देने के बाद राजनाथ सिंह ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "भारतीय राजनीति में आडवाणीजी का बहुत बड़ा योगदान रहा है। वह आगे भी हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।"
उन्होंने कहा कि जनसंघ के समय से ही आडवाणी के सहयोग से पार्टी आगे बढ़ी है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
आडवाणी को बधाई देने पहुंचे कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने कहा, "आडवाणीजी हमारे आदर्श रहे हैं और रहेंगे। वह पूरे देश के आदर्श हैं। अटलजी और आडवाणजी के नेतृत्व में भाजपा ने नई ऊंचाइयों को छुआ और भारतीय राजनीति को एक नई दिशा दी।"
आडवाणी का जन्म आठ नवंबर 1927 को कराची में हुआ था। कराची इस समय पाकिस्तान में है। वह 15 वर्ष की उम्र में ही वर्ष 1942 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ गए थे। जल्द ही वह सक्रिय राजनीति में आ गए और 1951 में भारतीय जनसंघ (भाजपा का पूर्व संस्करण) से जुड़ गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications