बांदा में विषाक्त खिचड़ी खाने से 110 बच्चे बीमार
उत्तर प्रदेश के बांदा में मिड डे मील के प्रति लगातार लापरवाही बरती जा रही है। शनिवार को जसपुरा विकास खण्ड के सिकहुला गांव में पिछले छह माह से बंद पड़े प्राथमिक व जूनियर विद्यालय के मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की शुरुआत हुई।
शनिवार को बच्चों को खिचड़ी परोसी गई थी। खिचड़ी खाने के कुछ ही देर बाद चौथी कक्षा की छात्रा काजल (8) को उल्टी शुरू हो गयी। छठवीं की शहाना (10) बेहोश हो गयी। धीरे-धीरे तमाम बच्चे बीमार पड़ गए।
अभिभावकों ने कुल 110 बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र जसपुरा में भर्ती कराया। वहां अब भी बच्चों का इलाज चल रहा है।
सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) बीपी पटेल, मुख्यचिकित्साधिकारी डा. एमपी सिंह उपजिलाधिकारी श्रीनन्दन चक्रवर्ती व प्राथमिक शिक्षाधिकारी ओमकार राणा अस्पताल पहुंचकर बच्चों का हाल-चाल जाना। बाद में उन्होंने विद्यालय पहुंचकर खिचड़ी की जांच पड़ताल शुरू की तो एक छात्र की थाली में छिपकली का सिर मिला। राणा ने कहा कि 'मिड डे मील में बरती गई लापरवाही को लेकर जांच के आदेश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी।'
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications