कोड़ा ने खुद को निर्दोष बताया, आयकर विभाग ने की पूछताछ (लीड-3)

कोड़ा ने कहा, "मेरे खिलाफ लगे आरोप गलत हैं।" आरोपी विनोद सिन्हा से संबंध के बारे में उन्होंने कहा, "मैं विनोद सिन्हा को जानता हूं लेकिन उसके साथ मेरा कोई व्यावसायिक संबंध नहीं है।"

प्रवर्तन निदेशालय के समन के संबंध में उन्होंने कहा कि वह समन का सम्मान करेंगे। प्रवर्तन निदेशालय ने 11 नवंबर को कोड़ा को नई दिल्ली तलब किया है।

कोड़ा दिन में लगभग 11.45 बजे अस्पताल से बाहर निकले। उस वक्त अस्पताल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अस्पताल के बाहर कोड़ा के सैकड़ों समर्थक मौजूद थे।

इससे पहले अस्पताल के प्रवक्ता जावेद अख्तर ने आईएएनएस को बताया, "मधु कोड़ा को छुट्टी दे दी गई है।" कोड़ा को पेट दर्द, उल्टी और उच्च रक्तचाप की शिकायत के बाद बीते मंगलवार को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल से निकलने के बाद कोड़ा को सीधे उनके सरकारी आवास ले जाया गया। विगत पांच नवंबर को इसी आवास के एक हिस्से को सील कर दिया गया था। इसी दौरान आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी भी उनसे पूछताछ के लिए उनके आवास पर पहुंचे।

आयकर विभाग के एक सूत्र ने कहा, "आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने एक प्रश्नावली तैयार की है। इस प्रश्नावली में अवैध लेन-देन, हवाला के जरिये धन विदेश भेजने, निवेश और विदेशों में खरीदी गई खदानों से संबंधित सवाल हैं।"

सूत्र ने कहा कि कोड़ा ने पूछताछ में अगर सहयोग नहीं किया तो प्रवर्तन निदेशालय उन्हें गिरफ्तार कर सकता है।

उधर, आयकर विभाग के अधिकारियों ने कोड़ा के मुख्यमंत्री रहते हुए खदान समझौतों की जांच शुरू कर दी है। कोड़ा सितम्बर, 2006 से अगस्त, 2008 तक मुख्यमंत्री थे।

सूत्रों का कहना है कि आयकर विभाग ने कोड़ा के कार्यकाल के दौरान खदानों, खदानों को लीज देने की सिफारिशों, खदानों के लाइसेंस जारी करने और अन्य पहलुओं के बारे में विवरण मांगा है। झारखण्ड के खान और भूगर्भ निदेशक बी.बी. सिन्हा से कहा गया है कि वे इस संबंध में कोड़ा सरकार के दौरान किए गए फैसलों का विस्तृत विवरण दें।

गौरतलब है कि कोड़ा पर 2,500 करोड़ रुपयों के गैर कानूनी लेन-देन का आरोप है। उन पर आरोप है कि इस राशि में से 550 करोड़ रुपये की रकम उन्होंने हवाला के जरिये या अवैध धन को वैध बनाकर दुबई, थाईलैंड, लाइबेरिया और मलेशिया भिजवाया।

प्रवर्तन निदेशालय ने इस संबंध में कोड़ा और उसके तीन अन्य सहयोगियों के खिलाफ नौ अक्टूबर को मामला दर्ज किया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+