कर्नाटक में भाजपा का संकट खत्म, येदियुरप्पा बने रहेंगे (लीड-1)
पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा और उनके खिलाफ मोर्चा खोलने वाले रेड्डी बंधुओं पर्यटन मंत्री जी. जनार्दन रेड्डी और राजस्व मंत्री जी. करूणाकर रेड्डी को समझा-बूझाकर इस संकट को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। ज्ञात हो कि सुषमा बेल्लारी से लोकसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं। बेल्लारी रेड्डी बंधुओं का गढ़ माना जाता है।
सुषमा ने रविवार को येदियुरप्पा और जनार्दन रेड्डी से चर्चा के बाद संवाददाताओं से बातचीत में संकट सुलझा लेने का दावा किया।
उन्होंने कहा, "मुझे यह बताकर बहुत खुशी हो रही है कि संकट का शांतिपूर्ण हल हो गया है। दोनों के बीच कुछ गलतफहमियां पैदा हो गई थी जिन्हें कुछ बैठकों के बाद सुलझा लिया गया।"
उन्होंने कहा, "येदियुरप्पा और रेड्डी दोनों ने भाइयों की तरह काम करने और कर्नाटक की जनता की सेवा करने का फैसला किया है।"
सुषमा ने कहा, "हमने दोनों से कहा है कि वापस जाइए और कर्नाटक की जनता की सेवा कीजिए।"
इस अवसर पर येदियुरप्पा ने कहा, "सारे मामले सुलझा लिए गए हैं। हम अब साथ हैं। फिर ऐसी समस्या नहीं आएगी।"
शनिवार शाम तक मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े रेड्डी ने कहा, "राज्य के हित में हमने यह फैसला किया है। हम साथ-साथ काम करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications